A
  1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. NEET UG 2026 परीक्षा आज, 22.79 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, स्टूडेंट्स जान लें जरूरी गाइडलाइन

NEET UG 2026 परीक्षा आज, 22.79 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल, स्टूडेंट्स जान लें जरूरी गाइडलाइन

एनटीए द्वारा आयोजित NEET UG 2026 की परीक्षा आज होनी है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगी। परीक्षा में 22.79 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हालांकि परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थी जरूरी गाइडलाइन भी जान लें।

NEET UG 2026 परीक्षा आज।- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE NEET UG 2026 परीक्षा आज।

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से 3 मई, रविवार को NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन कराया जा रहा है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही पाली में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। वहीं दिव्यांग उम्मीदवारों को अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा, जिसके तहत उन्हें शाम 6 बजे तक परीक्षा देने की अनुमति होगी। एनटीए ने बताया कि यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में 5,432 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में लगभग 22.79 लाख अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं, जिससे NEET (UG) 2026 विश्व की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षाओं में से एक बन जाएगी।

22.79 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

NEET (UG) 2026 परीक्षा के संचालन के लिए कई अन्य एजेंसियों की भी सहायता ली जा रही है। इसके तहत शहर-स्तरीय संचालन की देखरेख के लिए 674 सिटी कॉर्डिनेटर्स को लगाया गया है। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,000 से अधिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की जा रही है। वहीं प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक और निरीक्षकों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा के दौरान गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल और सुरक्षा दल का सक्रिय सहयोग रहेगा। कुल मिलाकर, 22.79 लाख उम्मीदवारों के लिए परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों को तैनात किया गया है।

सेंटर पर समय से पहले पहुंचे

एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए परीक्षा केंद्र के पते की सावधानीपूर्वक जांच कर लें। ऐसी जानकारी मिली है कि कुछ केंद्रों का पता Google Maps और इसी तरह के प्लेटफॉर्म पर गलत दिखाया गया है। ऐसे में केवल मैप पिन पर भरोसा न करें। इससे बचने के लिए अपने एडमिट कार्ड पर दिए गए पूरे पते की दोबारा जांच करें। फिर सही स्थान की पहले से पुष्टि कर लें। उसके बाद अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। अभ्यर्थियों को यह भी सलाह दी गई है कि यातायात, मौसम या देरी के तमाम कारकों के लिए पर्याप्त समय रखें। उम्मीदवारों को दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षार्थियों को यह ध्यान रखना है कि उन्हें अपना एडमिट कार्ड साथ लाना होगा।

परीक्षार्थियों के लिए ड्रेस कोड

परीक्षा में शामिल होने वाले पुरुष उम्मीदवारों को कैजुअल ट्राउजर, पैंट या जींस पहननी होगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को चप्पल पहनने की सलाह दी जाती है, जूते नहीं। उम्मीदवारों को किसी भी प्रकार की टोपी, मफलर या सिर ढकने वाली चीज नहीं पहननी होगी। वहीं परीक्षा में शामिल होने वाली महिला उम्मीदवारों को लेगिंग/ट्राउजर पहनना होगा। इसके अलावा साधारण सैंडल चुनें और जूते पहनने से बचें। वहीं मेहंदी लगाने से बचें और परीक्षा केंद्र के अंदर हैंडबैग या पर्स न ले जाएं।

तनाव में हैं तो डायल करें हेल्पलाइन नंबर

एनटीए ने एक बयान में कहा, "आपकी मानसिक सेहत और भलाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपकी ज़िंदगी से बढ़कर कोई परीक्षा नहीं है। अगर आप तनाव, चिंता या अत्यधिक दबाव महसूस कर रहे हैं, तो कृपया आधिकारिक हेल्पलाइन 14416 या 1-800-891-4416 पर तुरंत संपर्क करें। आप अकेले नहीं हैं, मदद उपलब्ध है। अपना ख्याल रखें, हमें आप पर विश्वास है।" वहीं NEET UG परीक्षा को लेकर सभी शहरों में प्रशासन की ओर से भी पूरी तैयारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें-

BPSC AEDO Exam: बिहार लोक सेवा आयोग का बायोमेट्रिक एजेंसी साईं एडुकेयर के खिलाफ बड़ा एक्शन, ब्लैक लिस्ट के साथ FIR भी दर्ज

Latest Education News