अगर आप भी राजस्थान पटवारी भर्ती परीक्षा में शामिल होंगे तो ये खबर आपके लिए ही है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, कल यानी 17 अगस्त 2025 को राजस्थान आरएसएसबी पटवारी परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी- पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक। ऐसे में जो कैंडिडेट्स इस परीक्षा में शामिल होंगे वे सभी नीचे खबर में दी गई जरूरी गाइडलाइंस को पढ़ सकते हैं। साथ ही एग्जाम हॉल में किन वस्तुओं को ले जाने का अनुमति है और किन वस्तुओं पर प्रतिबंध है, इस संबंध में भी उम्मीदवार नीच खबर में पढ़ सकते हैं।
जरूरी गाइडलाइंस
- अभ्यर्थियों को निर्धारित परीक्षा समय से 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा ताकि तलाशी के बाद वे समय पर परीक्षा हॉल में निर्धारित स्थान पर बैठ सकें।
- परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा के निर्धारित समय से केवल 1 घंटा पहले ही दिया जाएगा।
- परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड को साथ लाना न भूलें, बिना प्रवेश पत्र के एंट्री नहीं मिलेगी।
- अभ्यर्थियों को पहचान सुनिश्चित करने के लिए ई-प्रवेश पत्र, मूल फोटो पहचान पत्र और आधार कार्ड साथ लाना होगा। केवल विशेष परिस्थितियों में ही पैन कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, मतदाता पहचान पत्र में से किसी एक का मिलान किया जाएगा। उपस्थिति पत्रक के लिए कैंडिडेट्स अपनी नई कलर्ड फोटो भी साथ लेकर जाएं।
- सभी अभ्यर्थियों को फोटो पहचान पत्र के आधार पर पहचान की पुष्टि, तलाशी, चेहरा पहचान और सतर्कता दल द्वारा सत्यापन के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
- जांच/बायोमेट्रिक्स कार्य पूरा होने के बाद, अभ्यर्थी अपने रोल नंबर की जांच कराएं और अपने आवंटित कमरों में बैठ जाएं। उम्मीदवार परीक्षा केंद्र परिसर में इधर-उधर न घूमें।
किन वस्तुओं पर है बैन?
उम्मीदवारों को घड़ी पहनने, किसी भी प्रकार का पेन, पानी की बोतल, पर्स, बैग, ज्योमेट्री/पेंसिल बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, कैलकुलेटर, बोर्ड/पैड/कार्डबोर्ड, पेनड्राइव, इरेजर, लॉग टेबल, स्कैनर, किताबें, नोटबुक, पर्चियां, व्हाइटनर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन और पेजर, कोई अन्य संचार उपकरण, स्लाइड रूल,आदि (नीले रंग के पारदर्शी बॉल पेन को छोड़कर) ले जाने की अनुमति नहीं है।
Latest Education News