A
  1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. NEET को लेकर फैलाई जा रही फर्जी खबरें, 'पेपर लीक के 1500 से अधिक संदिग्ध दावे आए सामने'

NEET को लेकर फैलाई जा रही फर्जी खबरें, 'पेपर लीक के 1500 से अधिक संदिग्ध दावे आए सामने'

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, नीट परीक्षा के संबंध में पेपर लीक के 1,500 से अधिक संदिग्ध दावे सामने आए हैं।

नीट यूजी 2025- India TV Hindi
Image Source : FILE नीट यूजी 2025

नीट यूजी 2025 के आयोजन में अब बस चंद दिनों का समय शेष रह गया है। परीक्षा का आयोजन 4 मई को होना निर्धारित है। इस बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET के संबंध में पेपर लीक के 1,500 से अधिक संदिग्ध दावे सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, 106 टेलीग्राम, 16 इंस्टाग्राम चैनल NEET-UG के बारे में गलत सूचना फैलाने में लगे पाए गए। नीट-यूजी के बारे में संदिग्ध दावों के मामले गृह मंत्रालय के साइबर अपराध समन्वय केंद्र को सूचित किए गए। 

वहीं, राजस्थान पुलिस ने मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए 4 मई को होने वाली नीट यूजी 2025 परीक्षा के पेपर लीक के नाम पर हो रही साइबर ठगी के संबंध में एक परामार्श जारी किया है। राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड एवं राजस्थान साइबर क्राइम ब्रांच ने छात्रों और अभिभावकों को ऐसे धोखेबाजों से सावधान रहने की सलाह दी है जो नीट-यूजी का पेपर लीक होने का दावा करके पैसे ठगने की कोशिश कर रहे हैं।

दूसरी ओर शिक्षा मंत्रालय यह सुनिश्चित करने के लिए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठकें कर रहा है कि नीट-यूजी 2025 की परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो। यह महत्वपूर्ण परीक्षा 4 मई को आयोजित होनी है, जो देश भर में 550 से अधिक शहरों तथा 5,000 से अधिक केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। एक सूत्र के अनुसार, "केंद्रों पर एनटीए द्वारा निर्दिष्ट सुरक्षा के अलावा जिला पुलिस द्वारा बहुस्तरीय तलाशी ली जाएगी। प्रश्नपत्रों और ओएमआर शीट जैसी गोपनीय सामग्री का परिवहन चाक चौबंद पुलिस सुरक्षा के तहत होगा। संगठित धोखाधड़ी नेटवर्क को रोकने के लिए कोचिंग केंद्रों और डिजिटल प्लेटफॉर्म की निगरानी की जाएगी।"

जारी हो चुके हैं प्रवेश पत्र

बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की तरफ से परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड को भी जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने प्रवेश पत्र को चेक व डाउनलोड कर सकते हैं। 

Input With PTI

ये भी पढ़ें- 

CBSE 10वीं और 12वीं के बोर्ड के नतीजे पर बड़ा अपडेट, इस तारीख से पहले आ जाएगा रिजल्ट
 

Latest Education News