CBSE 12वीं के मैथ के पेपर में 'Rickroll' प्रैंक के बाद, CBSE 12वीं के इतिहास के पेपर में एक और QR कोड की गड़बड़ी ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। 30 मार्च को हुए CBSE 12वीं कक्षा के इतिहास के पेपर में दिया गया QR कोड, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Orhan Awatramani, जिन्हें आम तौर पर "Orry" कहा जाता है के पेज पर ले गया। अब इसके बाद केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने इस संबंध में एडवाइजरी जारी की है।
बता दें कि इससे पहले, 9 मार्च को हुए CBSE बोर्ड की 12वीं कक्षा के गणित के पेपर में दिया गया QR कोड 'Rickroll' प्रैंक पर ले गया था, जो Rick Astley के 1987 के हिट गाने "Never Gonna Give You Up" का एक मशहूर म्यूजिक वीडियो है।
CBSE ने दिया स्पष्टीकरण
इस बीच, CBSE ने एक स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा है, "वेब पर दिखने वाले नतीजे एल्गोरिदम-आधारित सर्च आउटपुट हैं और इनका CBSE या उसकी परीक्षा प्रक्रिया से कोई लेना-देना नहीं है।" CBSE ने सोशल मीडिया पर चल रही इस चर्चा को शरारतपूर्ण दुष्प्रचार करार दिया है।
जारी की गई एडवाइजरी में कहा गया है, "कुछ तत्व जान-बूझकर इन असंबंधित सर्च नतीजों को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं, ताकि झूठा दुष्प्रचार फैलाया जा सके और CBSE की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके।" इसमें आगे कहा गया है कि QR कोड को असंबंधित व्यक्तियों या सामग्री से जोड़ना तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक है।
QR कोड्स का नेचर
जारी की गए एडवाइजरी में लिखा है, "CBSE के प्रश्न पत्रों पर छपे QR कोड्स, प्रमाणीकरण, ट्रैकिंग और परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए आंतरिक सिस्टम का हिस्सा हैं, और स्कैन किए जाने पर ये वेब लिंक के रूप में नहीं खुलते। इसके बजाय, ये केवल संबंधित टेक्स्ट (पाठ) दिखाते हैं। हालांकि, यदि कोई उपयोगकर्ता उस टेक्स्ट पर Google Search का उपयोग करता है, तो Google Search कुछ अन्य शब्दों का सुझाव देता है। यदि Chrome जैसे मानक ब्राउज़रों का उपयोग किया जाता है, तो ऐसा नहीं होता।"
एडवाइजरी के लिए सीधा लिंक
Latest Education News