पंजाब में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय कल यानी 8 सितंबर 2025 से खुलेंगे। इस बात की घोषणा खुद पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने की है। हालांकि, छात्रों के लिए नियमित कक्षाएं 9 सितंबर से शुरू होंगी। राज्य सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने के लिए प्रमुख दिशानिर्देश भी जारी किए हैं। इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी शेयर की है। बता दें कि दशकों में आई सबसे भीषण बाढ़ आपदा के बाद, राज्य ने 27 से 30 अगस्त तक अवकाश घोषित किया था। बाद में स्कूलों को 3 सितंबर तक बंद रखने की अवधि बढ़ा दी गई।
पंजाब राज्य में शैक्षणिक संस्थानों के खुलने के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना एवं दिशानिर्देश
- राज्य के सभी सरकारी, निजी एवं सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय कल से सामान्य रूप से खुलेंगे। यदि कोई स्कूल या कॉलेज बाढ़ से प्रभावित होता है, तो उसे बंद करने का निर्णय संबंधित जिले के उपायुक्त द्वारा लिया जाएगा।
- निजी स्कूलों के संचालकों के लिए यह सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा कि स्कूल भवन और कक्षाएं पूरी तरह सुरक्षित हों ताकि छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
- राज्य के सभी सरकारी स्कूल 8 सितंबर को छात्रों के लिए बंद रहेंगे। शिक्षक स्कूलों में उपस्थित रहेंगे और स्कूल की सफाई एसएमसी, पंचायतों, नगर परिषदों और निगमों के सहयोग से की जाएगी।
- शिक्षकों द्वारा स्कूल भवनों का गहन निरीक्षण किया जाएगा। यदि कोई समस्या या दोष पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत जिले के उपायुक्त और इंजीनियरिंग विभाग को दी जाए।
- सभी सरकारी स्कूल 9 सितंबर से सामान्य रूप से खुलेंगे।
Latest Education News