1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. NEET UG पेपर लीक पर सुपर-30 वाले आनंद सर का रिएक्शन, छात्रों और अभिभावकों से की ये अपील

NEET UG पेपर लीक पर सुपर-30 वाले आनंद सर का रिएक्शन, छात्रों और अभिभावकों से की ये अपील

सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार ने मंगलवार को कोचिंग सेंटरों पर कड़ी निगरानी और परीक्षा प्रणाली में मज़बूत सुरक्षा उपायों की मांग की। यह मांग NEET-UG 2026 परीक्षा के कथित अनियमितताओं के चलते रद्द होने के बाद की गई।

सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार - India TV Hindi
Image Source : ANI सुपर 30 के संस्थापक आनंद कुमार। फाइल

NEET UG पेपर लीक पर सुपर-30 वाले आनंद सर का रिएक्शन सामने आया है। इंडिया टीवी डिटिजल से बातचीत में सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार ने कहा कि NEET की परीक्षा में पेपर लीक होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए यह खबर निश्चित रूप से निराश करने वाली है। फिर भी थोड़ी राहत की बात यह है कि सरकार ने परीक्षा रद्द करते हुए तुरंत ही दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है। ऐसी कठिन परिस्थिति में छात्रों और उनके माता-पिता को धैर्य बनाए रखने की आवश्यकता है। 

आनंद सर ने छात्रों से की ये अपील

आनंद सर ने कहा कि छात्रों को निराशा से बाहर निकलते हुए एक बार फिर नए जोश, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी में जुट जाना चाहिए। मेहनत कभी व्यर्थ नहीं जाती। घबराने के बजाय विद्यार्थियों को यह विश्वास रखना चाहिए कि उनका परिश्रम अवश्य रंग लाएगा। हर चुनौती के बाद एक नया अवसर भी आता है और यही समय है खुद को मानसिक रूप से मजबूत रखने का। 

दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

आनंद सर ने यह भी कहा कि सरकार को भी इस मामले में दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्रों का भरोसा शिक्षा व्यवस्था पर हमेशा बना रहे। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि यह राहत की बात है कि कथित गड़बड़ी से जुड़े आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ लिया गया है। 

लगभग 22 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा

बता दें कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 3 मई को परीक्षा आयोजित होने के ठीक नौ दिन बाद, NEET-UG 2026 को रद्द करने का फ़ैसला किया। एजेंसी ने कहा कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा की नई तारीख़ों की घोषणा अलग से की जाएगी। NEET-UG, जो पूरे भारत में मेडिकल कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट दाखिले का ज़रिया है, इस साल लगभग 22 लाख छात्रों ने दी थी।

Latest Education News