A
  1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. UPSC रिजल्ट के फर्जी दावों से हड़कंप, 4 मामले आ चुके सामने; पढ़ें कहां-किसने किया दावा

UPSC रिजल्ट के फर्जी दावों से हड़कंप, 4 मामले आ चुके सामने; पढ़ें कहां-किसने किया दावा

इस साल UPSC सीएसई परीक्षा 2025 का परिणाम जारी होने के बाद एक अलग ही नजारा देखने को मिला। रिजल्ट जारी होने के बाद इस बार फर्जीवाड़े की होड़ मच गई। सेलेक्शन होने के फर्जी दावे के कुल 4 मामले अब तक सामने आ चुके हैं।

सांकेतिक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE सांकेतिक फोटो

UPSC की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का रिजल्ट 6 मार्च को आया था। इसके बाद कई शहरों से जश्न की तस्वीरें सामने आईं। इस जश्न के बीच फर्जीवाड़े की भी होड़ मच गई। अब तक देश में 4 ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां सेलेक्शन होने का फर्जी दावा किया गया। इस कड़ी में सबसे पहले आपको बलंदशहर का मामला बताते हैं। यहां शिखा गौतम ने खुद को यूपीएससी AIR 113 की कैंडिडेट बताया। घरवालों ने मिठाइयां बांटीं और जश्न मनाया, जब शिखा गौतम अपने घर बुलंदशहर पहुंचीं तो स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत भी किया। अब जांच में पता चला कि 113वीं रैंक दिल्ली में रहने वाली शिखा की है। UPSC को ई-मेल भेजकर स्पष्टीकरण जारी करने की मांग की थी। इसके बाद UPSC ने बुलंदशहर की डीएम को जांच का आदेश दिया और जब छानबीन हुई तो बुलंदशहर की शिखा गौतम का दावा झूठा निकला है। 

UPSC फर्जी टॉपर की दूसरी खबर यूपी के गाजीपुर से सामने आई है। गौरा खास गांव की प्रियंका चौधरी के घर पर यूपीएससी रिजल्ट के बाद जश्न का माहौल था। दावा किया गया कि प्रियंका चौधरी ने UPSC एग्जाम में 79वीं रैंक हासिल की है। दिसंबर, 2025 में प्रियंका का चयन जीएसटी इंस्‍पेक्‍टर के पद पर हुआ, वो करेंट में प्रयागराज में तैनात हैं। लेकिन जब जांच हुई तो असली सेलेक्शन हिमाचल की प्रियंका चौधरी का सामने आया। हिमाचल प्रदेश के चंबा की रहने वाली प्रियंका चौधरी ने भी 79वीं रैंक मिलने का दावा किया। हिमाचल की प्रियंका चौधरी ने अपने चौथे अटेम्प्ट में एग्जाम क्रैक किया है।

301वीं रैंक पर आकांक्षा सिंह नाम की दो कैंडिडेट्स ने किया था दावा

तीसरा मामले में कन्फ्यूजन आकांक्षा सिंह के नाम को लेकर हुआ। UPSC रिजल्ट की 301वीं रैंक पर यूपी के गाजीपुर और बिहार के आरा की दो आकांक्षा सिंह ने दावा किया था। दोनों उम्मीदवारों के दावे के बाद भ्रम की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद UPSC ने फाइनल रिजल्ट में रैंक-301 को लेकर 2 आकांक्षा सिंह के दावों पर क्लियर जानकारी दी। आयोग ने लेटर जारी कर बताया था कि रैंक-301 यूपी के गाजीपुर की आकांक्षा सिंह की है। ऐसे में बिहार के आरा की आकांक्षा सिंह का दावा गलत निकला।

AIR 440 पर रंजीत कुमार का दावा निकला फर्जी, अब फरार 

चौथा मामले बिहार के शेखपुरा से सामने आया है। फतेहपुर गांव के रहने वाले रंजीत कुमार ने 6 मार्च को रिजल्ट आने के बाद खुद को ऑल इंडिया रैंक 440 का उम्मीदवार बताया। गांव के लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो वहां खुशी का माहौल बन गया और स्थानीय थाने की टीम आकर बधाई देने लगी। अधिकारियों ने माला पहनाकर सम्मान किया। लेकिन बाद में जब इस दावे की जांच हुई तो पता चला कि 440वीं रैंक बिहार के रंजीत कुमार की नहीं बल्कि कर्नाटक के रंजीथ कुमार की है। आरोपी रंजीत ने नाम में मामूली अंतर का फायदा उठाते हुए लोगों को गुमराह किया और जब प्रशासन ने उससे संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह अचानक गायब हो गया। रंजीत अब फरार है पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

Latest Education News