टीवी सीरियल 'तारा फ्रॉम सतारा' और 'गब्बर इज बैक' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले एक्टर आशीष गोखले इन दिनों कोरोना वॉरियर बन कर लोगों के इलाज में जुटे हैं। आशीष पेशे से डॉक्टर हैं और आज उनका यह नेक इरादा कई लोगों की जिंदगी बचाने के काम आ रहा है। आशीष इन दिनों दिन रात मरीजों की मदद के लिए हॉस्पिटल में रह रहे हैं। उनसे एक्सक्लूसिव बातचीत की इंडिया टीवी की एंटरटेनमेंट एडिटर जोईता मित्रा सुवर्णा ने....
आशीष से जब पूछा गया कि एक्टिंग करते-करते मरीजों का इलाज करने का नेक इरादा कहां से आया तो उन्होंने कहा, 'मेरे माता-पिता और बहन डॉक्टर हैं। इसलिए डॉक्टर बनने की प्रेरणा मुझे वहीं से मिली है। मुझे बचपन में एक्टिंग करनी थी, इसलिए मैंने पहले ही घरवालों को कहा था कि मैं पढ़ाई कंप्लीट करने के बाद मुंबई जाऊंगा। स्ट्रलिंग के दिनों में मैं रात में हॉस्पिटल में काम करता था और दिनभर ऑडिशन देता था।'
आशीष 24 घंटे मरीजों की सेवा में जुटे हुए हैं
एक्टिंग के साथ-साथ मरीजों का करते रहे इलाज
आशीष ने आगे कहा, 'धीरे-धीरे मुझे काम मिलना शुरू हो गया था। मैंने जॉब छोड़ दी थी, लेकिन मैं आईसीयू में जाता रहता था। मैंने कभी पूरी तरह से काम क्विट नहीं किया। मेरा इसी तरह से सफर जारी है। कई बार ऐसा हुआ है, जब मैंने दिन में शूटिंग की और रात भर मरीजों का इलाज किया है।'
आशीष 25 मार्च से अस्पताल में हैं
आशीष ने बताया कि वो 25 मार्च से अस्पताल में हैं और उन्हें 24 घंटे काम करना पड़ता है। उन्होंने कहा, 'मुझे हॉस्पिटल ने 25 मार्च को फोन किया था 24 घंटे काम करने के लिए बुलाया, मुझे लगा कि ये सही वक्त है, जब मैं देश के सेवा कर सकता हूं। मैं तभी से अस्पताल में ही हूं।'