1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. निर्माता बनीं अभिनेत्री कार्तिका सिंह

निर्माता बनीं अभिनेत्री कार्तिका सिंह

फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित और प्रतिभाशाली अभिनेत्री कार्तिका सिंह ने निर्माण के मैदान में कदम रखने का फैसला किया है और वह लेखकों से रोचक पटकथाएं आमंत्रित कर रही हैं।

Kartika Singh- India TV Hindi
Kartika Singh

मुंबई,  फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित और प्रतिभाशाली अभिनेत्री कार्तिका सिंह ने निर्माण के मैदान में कदम रखने का फैसला किया है और वह लेखकों से रोचक पटकथाएं आमंत्रित कर रही हैं। कार्तिका ने एक मॉडल के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। वह अमरसंस और आम्रपाली जैसे कई भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय ब्रांड्स और साथ ही हांग कांग, इटली और सिंगापुर की कई मशहूर अंतर्राष्ट्रीय फैशन पत्रिकाओं के लिए मॉडलिंग कर चुकी हैं।

मॉडलिंग के बीच उन्हें अभिनय के प्रस्ताव भी मिले, जिसके चलते उन्होंने 'चांद सा चेहरा' जैसे कई मशहूर संगीत वीडियो में भी काम किया। उसके बाद उन्होंने दक्षिण की फिल्मों का रुख किया। कार्तिका कुछ साल पहले दुबई चली गई थीं। वहां अभिनय जारी रखने के बाद, अब वह निर्माता बनने के इरादे से स्वदेश लौट आई हैं। अपनी भविष्य की योजनाओं के बारे में कार्तिका ने कहा, "मैंने बतौर मॉडल और अभिनेत्री जो कुछ भी हासिल किया है, उससे खुश हूं।

लेकिन अभिनेत्री के तौर पर मुझे एक जैसी भूमिकाएं मिल रही थीं, जिससे मैं खुश नहीं थी। इसलिए मैंने निर्माता बनने का फैसला किया है, ताकि मैं केवल एक जैसी पटकथाओं की जगह विषय आधारित सिनेमा का हिस्सा बन पाऊं।" उनकी फिल्में उनके बैनर 'वर्काहोलिक फिल्म्स' के तहत निर्मित होंगी।

Latest Bollywood News