मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन पिछले काफी वक्त से उमंग कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म 'सरबजीत' की शूटिंग कर रही थीं। इन दिनों वह इस फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं। हाल ही में फिल्म के निर्देशक उमंग कुमार ने कहा कि ऐश्वर्या राय बच्चन निर्देशक की कलाकार हैं। इस फिल्म में उमंग के निर्देशन में ऐश्वर्या ने काम किया है। इससे पहले प्रियंका चोपड़ा के साथ 'मैरी कॉम' में काम कर चुके उमंग का मानना है कि अगर कलाकार अच्छा हो तो निर्देशक आधी लड़ाई जीत जाता है।
इसे भी पढ़े:- Cannes 2016: रेड कार्पेट पर फिर दिखा ऐश्वर्या का जादू
उन्होंने कहा, "मैंने पहले ऐश्वर्या को लिया। मैं परिपक्व अभिनेत्री चाहता था, जो 22 वर्षीय और 42 वर्षीय महिला का किरदार निभा सके। वह अपनी वापसी की योजना बना रही थीं और मैं उन्हें काफी समय से जानता हूं। वह निर्देशक की कलाकार हैं।"
फिल्म 'सरबजीत' में दलबीर कौर के संघर्ष की कहानी है, जिसका एकमात्र उद्देश्य अपने भाई से मिलना है। उसके भाई सरबजीत को भारतीय जासूस समझकर पाकिस्तानी जेल में बंद कर दिया गया है। फिल्म में रणदीप हुड्डा, सरबजीत सिंह की भूमिका में हैं, जबकि ऐश्वर्या उनकी बहन के दलबीर के किरदार में हैं।
उमंग का यह भी मानना है कि दर्शकों तक बायोपिक को पहुंचाने के लिए स्टार का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा, "अगर आप बायोपिक को दर्शकों तक पहुंचाना चाहते हैं तो इसमें एक स्टार का होना जरूरी है। अगर यह छोटी फिल्म होती तो मैं इसे नवांगतुक के साथ बनाता। बड़े कलाकार निश्चित रूप से फिल्म में मदद करते हैं।"
Latest Bollywood News