मुंबई: अभिनेता आमिर खान ने आज कहा कि उन्होंने अपने दोस्त सलमान खान की फिल्म सुल्तान की रिलीज से दो दिन पहले अपनी आगामी फिल्म दंगल के पोस्टर जारी करने का फैसला इसलिए किया क्योंकि उन्हें लगा कि इससे दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने में मदद मिलेगी।
सुल्तान एक बहुत बड़ी हिट होने जा रही है
उन्होंने कहा, सुल्तान एक बहुत बड़ी हिट होने जा रही है। मैं चाहता हूं सुलतान देखने वाले लाखों लोग दंगल का पोस्टर देखें। मैं लोगों को बस इतना बताना चाहता हूं कि हमारी फिल्म भी कुछ महीनों :दिसंबर: में आ जाएगी।
सुलतान को बंपर ओपनिंग मिलेगी
आमिर ने दंगल का पोस्टर जारी किए जाने के मौके पर यहां मीडिया से कहा, सुलतान को बंपर ओपनिंग मिलेगी। हम इस क्षमता का इस्तेमाल कर रहे हैं कि सुलतान से हमारी फिल्म को प्रचार मिले।
यह भी पढ़ें: जानिए गुडविल एम्बैसेडर बने सलमान का नाम आखिर क्यों है विवादों में?
सुल्तान और दंगल की कहानी बहुत अलग है
सलमान और आमिर दोनों ही अपनी फिल्मों क्रमश: सुल्तान और दंगल में पहलवानों की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा, दोनों फिल्मों में कोई समानता नहीं हैं। केवल कुश्ती का पहलू एक जैसा है। बहुत सारी फिल्में प्रतिशोध पर आधारित होती हैं, बहुत सारी रोमांटिक फिल्में बनती हैं। लेकिन दोनों फिल्मों की कहानी अलग है।
आमिर ने सुल्तान के ट्रेलर और फिल्म में सलमान के लुक की सराहना की।
उन्होंने कहा, निर्देशक (अली अब्बास जफर) ने जिस तरह फिल्म शूट की है, वह मुझे अच्छा लग रहा है। यह मजेदार लग रहा है। मैं उम्मीद करता हूं कि फिल्म सुलतान काफी सफल होगी और सारे रिकार्ड तोड़ देगी।
Latest Bollywood News