1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अमिताभ के कारण आसान रहा 'पिंक' का प्रमोशन: निर्माता

अमिताभ के कारण आसान रहा 'पिंक' का प्रमोशन: निर्माता

अमिताभ बच्चन की आगामी फिल्म 'पिंक' से बॉलीवुड में निर्माता के तौर पर करियर की शुरुआत कर रहीं रश्मि शर्मा का कहना है कि अमिताभ जैसे अभिनेता के होने के कारण फिल्म का प्रचार करना आसान रहा।

Amitabh Bachchan in Pink movie- India TV Hindi
Amitabh Bachchan in Pink movie

मुंबई: मेगास्टार अमिताभ बच्चन की आगामी फिल्म 'पिंक' से बॉलीवुड में निर्माता के तौर पर करियर की शुरुआत कर रहीं रश्मि शर्मा का कहना है कि अमिताभ जैसे अभिनेता के होने के कारण फिल्म का प्रचार करना आसान रहा। रश्मि अपनी दो फिल्मों 'पिंक' और 'डेज ऑफ टाफ्री' की रिलीज की तैयारी कर रही हैं।

जहां एक ओर उनकी आगामी फिल्म 'पिंक' में अमिताभ के साथ तापसी पन्नू को मुख्य भूमिका में देखा जाएगा, वहीं 'डेज ऑफ टाफ्री' में नए चेहरे नजर आएंगे।

रश्मि ने बताया, "आपके पास जाने-माने चेहरे होते हैं, तो आपके लिए फिल्म का प्रचार करना आसान हो जाएगा। अगर फिल्म में नए चेहरे होते हैं, तो इसकी प्रतिक्रिया उतनी बेहतरीन नहीं होती। अंत में मुझे यह भी लगा कि विषय वस्तु भी सशक्त होनी चाहिए।" मैं इस बात को मानती हूं कि 'डेज ऑफ टाफ्री' के प्रचार में मुश्किलें आईं, लेकिन 'पिंक' का प्रचार आसान रहा।"

रश्मि ने 'साथ निभाना साथिया', 'ससुराल सिमर का' और 'संतोषी मां' जैसे टेलीविजन धारावाहिकों का निर्माण किया है। उन्होंने बताया कि उनका रूझान महिला केंद्रित विषयों की ओर है।

अनिरुद्ध रॉय चौधरी निर्देशित 'पिंक' दिल्ली में बनी रोमांचक फिल्म है। इसमें अमिताभ वकील की भूमिका में नजर आएंगे।

Latest Bollywood News