अमिताभ बच्चन का ट्विटर हैंडल सोमवार की रात को प्रो-पाकिस्तान टर्किश हैकर ग्रुप Ayyildiz Tim ने हैक कर लिया। हैकरों ने अमिताभ बच्चन का बायो भी बदल दिया और उसमें लव पाकिस्तान लिखा नजर आ रहा है। हैकरों ने अमिताभ बच्चन के अकाउंट को हैक कर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तस्वीर लगा दी है। हालांकि अब उनका अकाउंट रिकवर कर लिया है। हैकरों द्वारा किए गए सबी ट्वीट भी उनके अकाउंट से हटा दिए गए हैं। मुंबई पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है।
Ayyildiz Tim ने अमिताभ के ट्विटर हैंडल के कई ट्वीट किए हैं। पहले पोस्ट में लिखा है- ये दुनिया के लिए चेतावनी है। टर्किश फुटबॉलर्स के प्रति आइसलैंड रिपब्लिक का बर्ताव सही नहीं है।
मुंबई पुलिस के पीआरओ के अनुसार उन्होंने इस पूरे मामले से मुंबई पुलिस की साइबर सेल को अवगत करा दिया है। साइबर सेल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अमिताभ बच्चन के ट्विटर अकाउंट को किसने और कहां से हैक किया था।
गौरतलब है कि पिछले साल अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन का भी ट्विटर अकाउंट हैक किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार बॉलीवुड अभिनेता अभिषेक बच्चन का ट्विटर अकाउंट पाकिस्तान समर्थक तुर्की की साइबर आर्मी 'अयिल्दिज टिम' ने हैक कर लिया था। इससे पहले इसने वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर का ट्विटर खाता हैक किया था।