नई दिल्ली: फिल्मकार एस. एस. राजामौली की फिल्म 'बाहुबली: द कन्क्लूजन' को लेकर दर्शकों में दीवानगी इस कदर है कि मानो पूरा देश एक साथ कोई त्योहार को मना रहा है। फिल्म की टिकट लेने के लिए लोग घंटो तक लाइनों में खड़े नजर आए। वैसे करीब 2 साल तक इंतजार करने के बाद फैंस में इस कदर जुनून होना तो बनता ही है। 28 अप्रैल को रिलीज हुई फिल्म 'बाहुबली 2' की रिलीज के पहले ही दिन सभी शोज हाउसफुल रहे। फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 121 करोड़ रुपए की कमाई कर रिकोर्ड तोड़ नया इतिहास रचा है।फिल्म ने 5वें दिन साल 2015 में आई 'बाहुबली: द बिगनिंग' का लाइफटाइम रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 'बाहुबली: द बिगनिंग' ने भारत में सभी भाषाओं को मिलाकर 420 करोड़ की कमाई की थी, बाहुबली द कन्क्लूजन ने महज 5 दिन में 440 करोड़ की कमाई करके सबको चौंका दिया है। आमिर खान की दंगल की कुल कमाई 387 करोड़ 39 लाख रुपये थी।फिल्म में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया और राम्या कृष्नन मुख्य किरदारों को निभाते हुए नजर आए। फिल्म में सभी सितारों को उनके बेहतरीन अभिनय के लिए दर्शकों से काफी प्रशंसा हासिल हुई।