Aap Ki Adalat: धर्मेंद्र ने खोले जिंदगी के कुछ दिलचस्प राज, बताई फिल्मी दुनिया से लेकर निजी जिंदगी की कहानी
बॉलीवुड के हीमैन धर्मेंद्र हाल ही में इंडिया टीवी के खास शो ‘आप की अदालत’ में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इंडिया टीवी के एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के साथ अपनी फिल्मों और निजी जिंदगी को लेकर काफी बातें कीं। गौरतलब है कि धर्मेंद्र इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘यमला पगला दीवाना फिर से’ को लेकर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।

नम्बर 1 बनने की नहीं थी इच्छा:
''मैंने कभी यह नहीं सोचा कि मुझे यह मिल जाए, वह मिल जाए। मैंने लोगों की तरह अपने पैसे नहीं बढ़ाए। मैंने मार्केटिंग नहीं की। मुझे यह आती नहीं। मुझे यही था कि मैं किसी तरह से लोगों के दिल में बस जाऊं, लोग मुझे प्यार करें। मुझे पैसे और शोहरत की लालसा नहीं थी। शोहरत तो नशा है- चढ़ता है, उतर भी जाता है, लेकिन मोहबब्त एक ऐसा जज्बा है, जो दिलों में घर कर जाता है।''
राजनीति पर बोले धर्मेंद्र:
''मैंने अपने ख्वाब में भी कभी नहीं सोचा था कि मैं राजनीति में आऊंगा। मैं कुछ भाइयों से मिला तो मैंने उनसे कहा कि वहां अच्छे लोग कम होते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छे लोग आएंगे नहीं तो अच्छा कैसे होगा। तब मैं सोचने लगा कि अब तो मैं सब ठीक कर दूंगा। मगर ये जज्बाती लोगों का काम नहीं है। यहां मोटी चमड़ी होनी जरूरी है। यह 5 साल मेरे लिए मुश्किल था। इन 5 सालों में मैंने बीकानेर के लिए जो किया है, वो मुझे ही पता है, लेकिन मुझे कभी इसका श्रेय नहीं मिला। काम मैं करता था और पत्थर कोई और अपने नाम का लगवा जाते थे। मैंने कहा लगा रहने दो पत्थर, उसपर मिट्टी पड़ेगी।''
खुद करते थे स्टंट:
''शोले में घोड़े के स्टंट खुद किए। सीन में एक घोड़े से दूसरे आदमी पर जंप किया, उसे लेकर नीचे गिरा फिर वापस घोड़े पर सवार हुआ। घोड़े के पैर वो नीचे गिरे हुए आदमी पर जा रहे थे। तब मैंने घोड़े को जोर से खींचा। सौभाग्यवश वो घोड़ा दूसरी तरफ गिरा और मैं दूसरी तरफ।''
फिल्म 'मेरा गांव मेरा देश' के एक शॉट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा- ''सीन में घोड़ा मुझे एक ठिकाने पर आकर पटक देता है। यह शॉट मैंने खुद किया था। यह सब करने में मुझे मजा आता था। दिलेर था, गांव का था। तालाब में छलांग लगाता था। घरवाले कपड़े सूंघ कर पता लगा लेते थे कौन से तालाब से आया हूं।''
धर्मेंद्र ने एक फिल्म में चीते से भी खुद लड़ाई की थी। इस पर उन्होंने कहा- ''दरअसल, डुप्लीकेट थक जाता था। मैंने उससे कहा- तू हट पीछे, क्या ऐसे-ऐसे कर रहा है।''
अचानक 'आपकी अदालत' के सेट पर पहुंचे सनी देओल:-
गौरतलब है कि 'आप की अदालत' के दौरान धर्मेंद्र ने एक बार फिर अपनी बातों से दर्शकों का दिल जीत लिया है। इस एपिसोड के कुछ आखिरी पलों में धर्मेंद्र के बेटे और अभिनेता सनी देओल में भी आ पहुंचे। इस दौरान वह पिता को इस तरह अपनी यादें ताजा करते देख काफी भावुक हो गए और आकर सीधे उन्हें गले से लगा लिया।