नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार को निमोनिया की शिकायत के बाद आज तड़के करीब 2:30 बजे मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनको निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज कर रहे चिकित्सकों ने कहा कि अभिनेता के लिए अगले 72 घंटे अहम हैं। उन्हें आज तड़के सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उनके परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। दिलीप कुमार 93 साल के हैं और अर्से से बीमार चल रहे हैं।
लीलावती अस्पताल के डॉ. जलील पार्कर ने कहा, अगले 72 घंटे अहम हैं। वह निगरानी में हैं। हम लोग लगातार नजर रखे हुए हैं। उनको आईसीयू में स्थानांतरित करना पड़ सकता है।
डा. जलील पार्कर ने कहा, मुझे फोन आया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है। उन्हें बुखार था और कई बार उल्टी भी हुई। वह निमोनिया से भी पीड़ित थे। उनकी श्वेत रक्त कोशिकाएं भी बढ़ी हुई थीं। हमने उन्हें अस्पताल में भर्ती करना बेहतर समझा।
पेशावर में जन्मे मोहम्मद युसूफ खान ने दिलीप कुमार के रूप में 1944 में बॉम्बे टॉकीज द्वारा निर्मित ज्वार भाटा फिल्म से एक अभिनेता के रूप में अपने कैरियर की शुरूआत की थी।
अपने छह दशक से लंबे कैरियर में उन्होंने रोमांटिक अंदाज (1949), रोमांचक आन (1952), नाटकीय देवदास (1955), हास्यपूर्ण अंदाज (1955) और ऐतिहासिक मुगल-ए-आजम (1960) तथा सामाजिक गंगा जमुना (1961) जैसी विविधतापूर्ण फिल्मों में काम किया है।
हिन्दी फिल्म जगत में ट्रेजडी किंग के रूप में पहचाने जाने वाले कुमार ने क्रांति (1981), शक्ति 1982, कर्मा (1986) और सौदागर (1991) समेत विभिन्न फिल्मों में काम किया। उनकी अंतिम फिल्म किला 1998 में आयी थी।
Latest Bollywood News