नई दिल्ली: कल से दिवाली की छुट्टियां शुरू हो रही हैं, और आज किंग खान का जन्मदिन है। हमने सोचा क्यों ना इस दिवाली आपको कुछ ऐसी फिल्में सजेस्ट की जाएं जिससे आप किंग खान से जुड़ी अपनी बचपन और किशोरावस्था की यादें भी ताजा कर लें और दिवाली की छुट्टियों का भी खूब आनंद उठाएं। हमारे पास शाहरुख खान की कुछ ऐसी फिल्मों की लिस्ट है, जिसे आप इस दिवाली अपने पूरे परिवार के साथ बैठकर एन्जॉय कर सकते हैं। हमें यकीन है कि इनमें से ज्यादातर फिल्में आपने देखी होंगी लेकिन जब मौका शाहरुख के बर्थडे का हो और आपकी छुट्टियां भी हों तो क्यों ना आप दोबारा इन फिल्मों को देख डालें।
कभी खुशी, कभी गम
शाहरुख खान, काजोल, अमिताभ बच्चन, जया बच्चन, करीना कपूर और ऋतिक रोशन जैसे सितारों से सजी इस फैमिली फिल्म में मां-बेटे का प्यार आपकी आंखें नम करेगा तो पिता के साथ शाहरुख का रिश्ता भी आपको दिल तक छू जाएगा। इसमें शाहरुख और काजोल का एवरग्रीन रोमांस भी है जो आप इस दिवाली खूब एन्जॉय कर सकते हैं।
दिल वाले दुल्हनिया ले जाएंगे
शाहरुख और काजोल की फिल्म डीडीएलजे क्लासिकल फिल्मों में शुमार है। इसे आप अपनी गर्लफ्रेंड या फिर पूरे परिवार के साथ देख सकते हैं। अगर घरवाले आपकी पसंद से शादी नहीं करा रहे हैं तो क्या पता मान ही जाएं। जैसे सिमरन के बाबू जी मान गए थे और कहा था- जा सिमरन जा, जी ले अपनी जिंदगी।