नई दिल्ली: तस्वीर में दिख रहे इस शख्स को देखने से यही लग रहा है कि बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी हैं। लेकिन जरा ध्यान से देखिए इनकी बस शक्ल इमरान से मिलती है लेकिन यह इमरान नहीं हैं। यह हैं पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में रहने वाले मजदाक जान। अब इसे ऊपरवाले का करिश्मा कहें या मजदाक की हसरत, अल्लाह ने उन्हें इमरान से मिलती जुलती शक्ल दी और मजदाक ने इमरान जैसा लुक और स्टाइल अपनाकर बिल्कुल इमरान जैसे दिखने लगे।
मजदाक जान इमरान हाशमी के बड़े फैन हैं, और खुद भी एक कलाकार हैं। इमरान हाशमी से शक्ल मिलने की वजह से उनकी पॉपुलैरिटी भी बढ़ गई है। मजदाक मॉडल हैं लेकिन एक्टिंग में हाथ आजमाना चाहते हैं। एक इंटरव्यू के दौरान मजदाक ने बताया कि सिर्फ चेहरे की वजह से वह रातों रात स्टार बन गए हैं।
मजदाक ने कहा, ‘मुझे अच्छा लगता है जब लोग मेरे साथ सेल्फी लेते हैं, ऑटोग्राफ लेते हैं और मुझसे बात करना चाहते हैं। मैं बिना कुछ किए ही सिर्फ इमरान जैसी शक्ल होने की वजह से स्टार बन गया हूं। इस बात से मैं बहुत खुश भी हूं।’
मजदाक ना सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि भारत समेत उन दूसरे देशों में पॉपुलर हैं जहां बॉलीवुड को लेकर फैन फॉलोइंग है। मजदाक जान का कहना है, ‘यह ऊपर वाले की देन है।’