A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. श्रीदेवी को दिए गए सम्मान पर पहली बार खुलकर बोलीं जाह्नवी कपूर, वीडियो हो रहा है वायरल

श्रीदेवी को दिए गए सम्मान पर पहली बार खुलकर बोलीं जाह्नवी कपूर, वीडियो हो रहा है वायरल

श्रीदेवी को पिछले ही दिनों उनकी फिल्म 'मॉम' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस मौके पर श्रीदेवी के पति बोनी कपूर और दोनों बेटियां जाह्नवी और खुशी इस अवार्ड को लेने के लिए पहुंचीं। लेकिन अब इस समारोह का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जाह्नवी और बोनी कपूर मीडिया से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Sridevi janhvi kapoor- India TV Hindi
Sridevi janhvi kapoor

नई दिल्ली: बॉलीवुड की दिवंगत अदाकारा श्रीदेवी को पिछले ही दिनों उनकी फिल्म 'मॉम' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इस मौके पर श्रीदेवी के पति बोनी कपूर और दोनों बेटियां जाह्नवी और खुशी इस अवार्ड को लेने के लिए पहुंचीं। लेकिन अब इस समारोह का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जाह्नवी और बोनी कपूर मीडिया से बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यहां बोनी संवाददाताओं से श्रीदेवी के बारे में बात करते हुए कई बार भावुक भी हो गए। पहले बोनी कपूर ने पत्नी को इस अवार्ड से नवाजे जाने पर काफी बातें कीं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े सम्मान को लेने के लिए आज श्रीदेवी हमारे बीच नहीं हैं।

बोनी कपूर ने कहा कि, "जब हमें इसके बारे में पता चला तो हमें बहुत गर्व महसूस हुआ, साथ ही हमने उन्हें बहुत याद भी किया। मैं चाहता हूं कि जिन लोगों ने मेरी पत्नी को सराहा है, वो मेरे बच्चों जाह्नवी, खुशी, अर्जुन और अंशुला को भी पसंद करें।" इसके बाद बोनी कपूर अपनी दोनों बेटियों को भी मीडिया के सामने लेकर आए।

इसके बाद जाह्नवी ने आगे आकर कहा, "मैं और खुशी इस किरदार के लिए मेरी मां की कड़ी मेहनत को सराहे जाने के लिए ज्यूरी के सभी सदस्यों का धन्यवाद करना चाहते हैं। यह उनके लिए बेहद खास था और हम बहुत खुश हैं।" गौरतलब है कि जाह्नवी पिछले कुछ वक्त से अपनी आगामी फिल्म 'धड़क' को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इस फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने जा रही हैं।

Latest Bollywood News