1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अब 60 साल की महिला शूटर के किरदार में नजर आएंगी तापसी पन्नू

अब 60 साल की महिला शूटर के किरदार में नजर आएंगी तापसी पन्नू

तापसी पन्नू पिछले कुछ वक्त से इंडस्ट्री में कई बड़े फिल्मकारों की पहली पसंद के रूप में उभरकर सामने आ रही हैं। उन्होंने अब तक के अपने बॉलीवुड करियर में कई बेहतरीन किरदारों को बखूबी पर्दे पर उतारा है।

Taapsee Pannu- India TV Hindi
Taapsee Pannu

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू पिछले कुछ वक्त से इंडस्ट्री में कई बड़े फिल्मकारों की पहली पसंद के रूप में उभरकर सामने आ रही हैं। उन्होंने अब तक के अपने बॉलीवुड करियर में कई बेहतरीन किरदारों को बखूबी पर्दे पर उतारा है। डेविड धवन और नीरज पांडे जैसे निर्देशकों के साथ शानदार फिल्में करने के बाद अब अनुराग कश्यप के साथ भी तापसी ने जोड़ी बना ली है। दरअसल अनुराग इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'वुमनिया' की तैयारियों में व्यस्त चल रहे हैं। अब खबर आई है कि वह अपनी इस फिल्म में तापसी को कास्ट करने वाले हैं।

फिल्म में तापसी के साथ एक और बॉलीवुड अदाकारा नजर आने वाली हैं। दरअसल फिल्म में कृति सेनन को भी अहम भूमिका में देखा जाने वाला है। लेकिन इस फिल्म के बारे में एक दिलचस्प बात सामने आई है। बता दें कि फिल्म की कहानी दो 60 साल की महिला शूटर्स पर आधारित होगी। खबरों के मुताबिक कहा जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग इस साल के मध्य में शुरु कर दी जाएगी। लेकिन शूटिंग शुरु होने से पहले तापसी और कृति को अपनी खास तैयारियां करनी पड़ेंगी।

बता दें कि अनुराग फिलहाल अपनी आगामी फिल्म 'मनमर्जिया' की तैयारियां कर रहे हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन और विक्की कौशल जैसे सितारे मुख्य किरदारों में दिखाई देने वाले हैं। वहीं दूसरी ओर तापसी 'दिल जंगली' को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। उनकी यह फिल्म 9 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा उन्हें ऋषि कपूर की 'मुल्क' और दिलजीत दोसांझ की 'सूरमा' में भी देखा जाने वाला है।

Latest Bollywood News