नई दिल्ली: छोटे पर्दे की जानी मानी अदाकार प्रत्युषा बनर्जी के आत्महत्या के मामले में दिन प्रतिदिन नई-नई कड़िया जुड़ती जा रही हैं। मंगलवार को मुंबई के एक गुरुद्वारे में प्रत्युषा की शोक सभा रखी गई थी जिसमें उनके परिवार के सदस्यों के अलावा टेलीविजन के कई बड़े सितारे दिखे। प्रत्युषा की मां सोमा बनर्जी ने सभा में कहा कि “राहुल बचना नहीं चाहिए। मेरी बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए। मेरी मदद करें कि मैं अपनी बेटी को न्याय दिला सकूं।“इस शोक सभा में प्रत्युषा के पिता के साथ उनके कुछ दोस्त भी मौजूद थे। प्रत्युषा के पिता ने भी कहा कि, “हम केवल अंतिम संस्कार तक का इंतजार कर रहे थे, हमने राहुल के खिलाफ पहले ही एफआईआर दर्ज करवा रखी है। पुलिस को भी उसके अत्याचारों के बारे में सब पता हैं।“ साथ ही उन्होंने कहा, राहुल राज को फांसी पर लटका देना चाहिए, या उसे आजीवन कारावास की सजा मिलनी चाहिए।“कलर्स चैनल के धारावाहिक 'बालिका वधू' में प्रत्युषा के पिता का किरदार निभा चुके अभिनेता अनूप सोना भी मौजूद दिखे। पूजा बोस, फैशन डिजाइनर रोहित वर्मा और रतन राजपूत भी प्रत्युषा को अंतिम विदाई देने पहुंचे।