1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मध्य प्रदेश में 'ऐ दिल है मुश्किल' का कई जगह कड़ा विरोध

मध्य प्रदेश में 'ऐ दिल है मुश्किल' का कई जगह कड़ा विरोध

धनतेरस के मौके पर रिलीज हुई करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' का मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में कई संगठनों ने विरोध किया। इन संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बावजूद फिल्म के प्रदर्शन में किसी प्रकार की बाधा नहीं हुई।

Protest in Jabalpur | PTI- India TV Hindi
Protest in Jabalpur | PTI

भोपाल: धनतेरस के मौके पर रिलीज हुई करण जौहर की फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' का मध्यप्रदेश के विभिन्न शहरों में कई संगठनों ने विरोध किया। इन संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बावजूद फिल्म के प्रदर्शन में किसी प्रकार की बाधा नहीं हुई। पूरे देश में कई संगठन 'ऐ दिल है मुश्किल' के प्रदर्शन का विरोध कर रहे हैं और इसकी सिर्फ एक वजह है इस मूवी में पाकिस्तानी ऐक्टर फवाद खान का होना। 

सिनेमा से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

फवाद खान समेत कई पाकिस्तानी कलाकारों ने उड़ी में सैनिक छावनी पर हुए आतंकवादी हमले पर एक शब्द नहीं कहा था, और इसी वजह से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना और अन्य संगठनों ने इन कलाकारों की फिल्मों का विरोध शुरू कर दिया। इस हमले में भारत के 20 सैनिक शहीद हुए थे। हालांकि बाद में फवाद सहित कई पाक कलाकार सामने आए और उन्होंने दुनिया में आई अशांति के लिए पाकिस्तान को जमकर कोसा था।

ADHM in Bhopal | PTI

भोपाल से एक तस्वीर। (PTI)

'ऐ दिल है मुश्किल' फिल्म शुक्रवार को रिलीज हुई। मध्य प्रदेश के कई शहरों में इस फिल्म के विरोध की खबरें सामने आई हैं। राजधानी भोपाल के तात्याटोपे नगर स्थित सिनेप्लेक्स पहुंचकर शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने इस फिल्म के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सिनेप्लेक्स के अंदर घुसने की पूरी कोशिश की, मगर पुलिस की मौजूदगी के चलते ऐसा करने में नाकाम रहे। 

वहीं जबलपुर में भी एक मल्टिप्लेक्स में इस फिल्म के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन की खबरें आईं। शहर के ओमती थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि फिल्म का थोड़ी देर विरोध करने के बाद शिवसेना कार्यकर्ता वापस लौट गए। विरोध के बावजूद फिल्म के प्रदर्शन में कोई रुकावट नहीं आई। ग्वालियर में भी कई लोगों ने सिनेमाहॉल के सामने प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इससे पहले बिहार में भी कई जगहों पर इस फिल्म के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की खबरें आई थीं

Latest Bollywood News