चेन्नई: दक्षिण भारत के सुपर स्टार रजनीकांत की फिल्में वैसे तो हर दो साल में आती हैं, लेकिन जब भी आती है उनके फैंस फिल्म के साथ एक नया रिकॉर्ड नत्थी कर देते हैं। रजनीकांत की नई फिल्म कबाली को देखने के लिए फैंस किस कदर आतुर थे इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि चेन्नई के काशी थियेटर में बीते शुक्रवार को पहला शो सुबह 4 बजे का रखा गया। कई दिनों की एडवांस बुकिंग के बावजूद लोग टिकट के लिए आधी रात को कतार में खड़े दिखाई दिए। टिकट को खरीदने की बेताबी इतनी थी कि एक शख्स ने टिकट खरीदने के लिए 100, 200 नहीं बल्कि हजारों रुपए खर्च कर दिए। एन. गोपी नाम के एक शख्स ने बता दिया कि वो रजनीकांत के कितने बड़े फैन हैं। उन्होंने सत्यम सिनेमा में मूवी देखने के लिए एक टिकट के 14000 रुपए चुका दिए।
थियेटर के बाहर आतिशबाजी, फैन्स ने पर्दे पर चढ़ाए फूल:
दक्षिण भारत में रजनीकांत को भगवान के बराबर दर्जा दिया जाता है। चेन्नई के अलबर्ट सिनेमा के बाहर रजनीकांत के करीब 1000 फैंस ने थियेटर में जबरन घुसने की कोशिश की। इन्हें रोकने के लिए पुलिस को लाठियां भी चलानी पड़ी जिसमें कई लोग घायल भी हुए। वहीं मुंबई में भी गजब का आलम दिखा। मुंबई में सुबह 6 बजे से शो रखे गए थे। फिल्म में जैसे ही रजनीकांत का सीन आया, फैन्स ने स्क्रीन पर ही फूल माला चढ़ा दिए और वो उनके सामने घुटनों के बल बैठ गए।
सबसे ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होने वाली पहली भारतीय फिल्म:
फिल्म कबाली दुनियाभर में एक साथ 9000 स्क्रीन होने वाली पहली भारतीय फिल्म बन गई है। इसके पहले आमिर खान की फिल्म पीके 5200 स्क्रीन पर रिलीज की गई थी। कबाली ने रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग के जरिए करीब 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली थी।
किसी ने मकान बेचा तो कोई फिल्म देखने को केरल गया:
रजनीकांत के फैंस के लिए उनकी फिल्म देखना किसी भी कीमत पर मस्ट होता है। तमिलनाडु के एक परिवार को जब पूरे राज्य में टिकट नहीं मिले तो उन्होंने केरल जाकर फिल्म देखने का फैसला किया। वहीं रजनीकांत की हर फिल्म का पोस्टर लगाने वाले चेन्नई निवासी गोपी ने तो कबाली का पोस्टर लगाने के लिए अपन घर तक बेंच दिया। जानकारी के मुताबिक गोपी एक छोटे से मकान में रहते थे और उन पर पोस्टर लगाने के कारण काफी कर्ज हो गया था। वो इस बार भी काफी सारे पोस्टर लगाना चाहते थे इसलिए उन्होंने अपना घर बेचना मुनासिब समझा।
Latest Bollywood News