मुंबई: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले भारत के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के जीवन पर बनी फिल्म 'सचिन : अ बिलियन ड्रीम्स' कल सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इस फिल्म को देखकर लोग क्रिकेट के मास्टर ब्लास्टर के अनछुए पहलुओं को जान पाएंगे।
मुंबई में इंडियन क्रिकेट टीम के लिए बुधवार को 'सचिन : अ बिलियन ड्रीम्स' का एक स्पेशल प्रीमियर रखा गया था। सचिन की जिंदगी पर बनी फिल्म देखने के लिए सभी क्रिकेटर्स एक जैसी जर्सी में नजर आए। क्रिकेटर्स में सचिन की फिल्म को लेकर काफी उत्साह नजर आया।
बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा अपने ब्वॉयफ्रेंड और इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के हाथों में हाथ डाले प्रीमियर में पहुंची थी। क्रिकेटर जहीर खान अपनी मंगेतर सागरिका घटगे के साथ प्रीमियर में पहुंचे थे। हालांकि युवराज सिंह अकेले ही इस प्रीमियर में पहुंचे थे, उनकी वाइफ हेजल कीच इस प्रीमियर में नहीं दिखाई दी।
इंडियन क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी प्रीमियर में पहुंचे थे। इस प्रीमियर के दौरान सचिन के साथ उनकी पत्नी अंजलि और बच्चे अर्जुन तथा सारा भी मौजूद थे।