मुंबई: छोटे पर्दे के अभिनेता सलिल अंकोला इन दिनों अपने आगामी धारावाहिक ‘कर्मफल दाता शनि’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस शो में वह सूर्य देव का किरदार निभाते हुए नजर आ रहे हैं। अपनी भूमिका को लेकर सलिल का कहना है कि उन्होंने इस किरदार के लिए अपने हिंदी उच्चारण पर काफी मेहनत की है। सलिल ने कहा, “सूर्य देव का चरित्र काफी विशाल है। उनकी एक आभा है। इस भूमिका के लिए काफी लगन से काम करने की आवश्यकता थी। मुझे अपनी भाषा पर काफी काम करना पड़ा, क्योंकि किरदार के लिए एकदम शुद्ध हिंदी बोलने की जरूरत थी। किरदार के लिए मैंने अपने शारीरिक सौष्ठव पर भी काफी काम किया है। मैंने कभी किसी किरदार के लिए इतनी मेहनत नहीं की, यह रोमांचक होने के साथ ही काफी चुनौतीपूर्ण भी था।“
इसे भी पढ़े:- ‘वारिस’ की अंबा का ऐसा रहा अब तक का टेलीविजन सफर
‘कर्मफल दाता शनि’ 7 नवंबर से कलर्स चैनल पर प्रसारित होगा। सलिल ने कहा, “यह एक पौराणिक धारावाहिक नहीं है, यह एक पीरियड ड्रामा है। यह शनिदेव के जीवन और उनके अस्तित्व के पीछे के कारणों पर आधारित है। अक्सर लोग शनिदेव से डरते हैं, लेकिन उनमें डरने जैसा कुछ नहीं है। मुझे लगता है आप जो बोते हैं वहीं पाते हैं।“
सलिल ने बताया कि उनकी पोशाक 22 किलो की है, मुकुट 5 किलो का और उनके हाथ में जो कुल्हाड़ी है वह 13 किलो की है। उन्होंने कहा, “मुझे अपने शरीर पर काफी मेहनत करनी पड़ी क्योंकि मुझे उस पोशाक में अच्छा दिखना था।“
पूर्व क्रिकेटर ने धारावाहिक में उनकी पत्नी का किरदार अदा कर रही जूही परमार की भी सरहाना की। उन्होंने कहा, “उनके साथ काम करना काफी मजेदार रहा। वह काफी मजाकिया और प्रतिभावान हैं। मुझे समझ नहीं आता कि वह कैसे बिना ग्लिसरीन के रो लेती हैं।“
Latest Bollywood News