नई दिल्ली: बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान ने दिल्ली के हंसराज कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के 28 साल बाद 16 फरवरी को अपनी स्नातक की डिग्री ली। इस दौरान दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के एक गुट ने उनके खिलाफ प्रदर्शन कर दिया। खबरों के अनुसार दिल्ली पुलिस ने इनमें से 5 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रो के अनुसार दावा किया जा रहा है कि ये छात्र शाखा एबीवीपी के सदस्य थे या उसके समर्थक।
इसे भी पढ़े:- VIDEO: सच्चे 'फैन' की दीवानगी को दर्शता है 'जबरा फैन'
इस मौके पर उन्होंने संस्थान में बिताए अपने बीते दिनों को याद किया। शाहरुख ने कहा कि परिसर में आकर उन्हें बहुत खास अनुभूति हो रही है। 50 वर्षीय अभिनेता यशराज के बैनर तले बनी अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'फैन' के संगीत के लॉन्च पर दिल्ली आए थे। उस वक्त उन्हें वहां देखने के लिए करीब 20,000 लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इस मौके पर शाहरुख ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत खास मौका है। मैं अपने कॉलेज में वापस आ गया हूं, जिसे मैंने 1988 में छोड़ा था। बस एक बात का मुझे मलाल है कि आज इस मौके पर मेरे साथ मेरे बच्चे नहीं हैं, क्योंकि मैं उन्हें अपने कॉलेज का हर कोना दिखाना चाहता था।“ शाहरुख को डिग्री प्रदान करते हुए हंसराज कॉलेज की प्राधानाध्यापक रमा शर्मा ने कहा कि संस्थान को गर्व है कि सुपरस्टार संस्थान के छात्र रहे हैं।
मनीष शर्मा के निर्देशन में बनी शाहरुख की आगामी फिल्म 'फैन' 15 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। इस फिल्म में शाहरुख डबल रोल में नजर आएंगे। इस किरदार में वह सुपरस्टार होंगे वहीं दूसरी भूमिका में वह सुपरस्टार के सबसे बड़े फैन के अवतार में नजर आएंगे जो अपने सुपरस्टार से बेहद प्यार करता है। उनके फैन वाला लुक कुछ अलग है इस पर काफी मेहनत की गई है। फिल्म के ट्रेलर और पहले गानें ने फिल्म को देखने के लिए दर्शकों में उत्सुकता बढ़ा दी है।