नई दिल्ली: बॉलिवुड स्टार शाहरुख खान को एक बार फिर अमेरिका के एयरपोर्ट पर रोका गया है। लॉस एंजिलिस एयरपोर्ट इमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने शाहरुख को हिरासत में लिया है। शाहरूख ने ट्वीट कर कहा-हर बार इस तरह रोका जाना बहुत ही दुखद है।
शाहरुख खान ने ट्वीट कर कहा कि, दुनिया के मौजूदा हालात में सुरक्षा को लेकर चिंता के मुद्दे को मैं पूरी तरह समझता हूं और सम्मान करता हूं। लेकिन हर बार अमेरिकी इमेग्रेशन विभाग की ओर से हिरासत में लिया जाना सच में बुरा लगता है.. वैसे इस दौरान मजेदार बाद ये हुई कि जितनी देर उन्होंने मुझे इंतज़ार करवाया उस दौरान मैंने पोकेमोन गो खेलते हुए कुछ पोकेमोन पकड़े..।
विदेश मंत्रालय ने इस बात पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है कि भारतीय सुपरस्टार को लॉस एंजिलिस हवाईअड्डे पर हिरासत में क्यों लिया गया।
हालांकि यह कोई पहला मौका नहीं जब उनसे एयरपोर्ट पर पूछताछ की गई हो।
गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल 2012 में भी शाहरुख को न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर आव्रजन विभाग ने हिरासत में लिया था। वहां दो घंटों तक पूछताछ किए जाने के बाद उन्हें छोड़ा गया। हालांकि शाहरुख ने कुछ समय पहले कहा था कि वह उस घटना को भूल चुके हैं, लेकिन लगता है कि इस नई घटना ने उनके जख्म ताजा कर दिए हैं।
Latest Bollywood News