नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन (Sushmita Sen) हाल ही में बाहुबली के निर्देशक एस एस राजामौली के बेटे कार्तिकेय की शादी में पहुंची थीं, यहां वो अपने ब्वॉयफ्रेंड रोहमन शॉल के साथ पहुंची थीं। सुष्मिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की तस्वीरें और वीडियोज शेयर किए हैं। कार्तिकेय ने पूजा प्रसाद संग रविवार को जयपुर में शादी की। सुष्मिता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट में सिर्फ अपनी तस्वीरें ही नहीं शेयर की बल्कि कार्तिकेय और पूजा की शादी का वीडियो भी शेयर किया है। सुष्मिता सेन ने इस शादी में नीता लुल्ला का डिजाइन किया लहंगा पहना था। इस शादी में सुष्मिता अपने ब्वॉयफ्रेंड रोहमन शॉल और बेटियां रेने और अलीशा के साथ पहुंची थीं।
सुष्मिता सेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जो वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं उसमें वो बेहद प्यारी लग रही हैं। एक वीडियो में वो ब्वॉयफ्रेंड रोहमन शॉल के साथ सीढ़ियों से उतरती नजर आ रही हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
इस शादी में बाहुबली की पूरी टीम भी पहुंची थी। प्रभास, अनुष्का शेट्टी और राणा दग्गुबाती भी इस शादी में नजर आएं। सुष्मिता सेन ने प्रभास के साथ तस्वीर क्लिक कराई और अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की है।
बता दें, एस एस राजामौली जूनियर एनटीआर और राम चरण के साथ अपनी नई फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। 300 करोड़ के बजट में बनने वाली इस फिल्म में जूनियर एनटीआर और राम चरण भाइयों की भूमिका में नजर आएंगे।