मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ को पिछली बार फिल्म 'अ फ्लाइंग जट्ट' में अभिनय करते हुए देखा गया था। उनकी यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। हाल ही में उन्होंने अपनी फिल्मों को लेकर इच्छा जताई है। दरअसल इसे उनका नए साल का संकल्प भी कहा जा सकता है। टाइगर नए साल में चाहते हैं कि उनकी फिल्में 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हों। उन्होंने इसके लिए पूरी मेहनत करने का संकल्प लिया है। लायन गोल्ड अवॉर्ड 2016 के कार्यक्रम में बुधवार को टाइगर ने नए साल के संकल्प के बारे में पूछे जाने पर कहा, "मेरा पहला संकल्प है कि मैं अपनी आगामी फिल्मों के साथ 100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होना चाहूंगा।"
इसे भी पढ़े:-
इन दिनों वह अपनी आगामी फिल्म 'मुन्ना माइकल' की शूटिंग में काफी व्यस्त हैं। इस फिल्म के बारे में पूछे जाने पर टाइगर ने कहा, "हमने 50 प्रतिशत तक फिल्म की शूटिग पूरी कर ली है। इसका आधा हिस्सा पूरा हो चुका है और हमने इसके आगे के हिस्से की शूटिंग शुरू कर दी है।" शब्बीर खान के निर्देशन में इस रोमांटिक और एक्शन फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी और रोनित रॉय जैसे सितारे प्रमुख भूमिकाएं निभाते हुए नजर आएंगे हैं।
फिलहाल टाइगर, शाहरुख खान की 'रईस' और ऋतिक रोशन की 'काबिल' की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं दोनों फिल्मों को लेकर उत्साहित हूं। मैंने इनके सभी प्रोमो देखे हैं और सभी उत्कृष्ट हैं।"
शाहरुख खान की 'रईस' और ऋतिक रोशन की 'काबिल' एक साथ सिनेमाघरों में टकराने वाली है। फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी।
Latest Bollywood News