नई दिल्ली: माधुरी दीक्षित, अनिल कपूर, अजय देवगन की फिल्म टोटल धमाल की शूटिंग शुरू हो गई है। फिल्म की शूटिंग के पहले दिन मुहुर्त पर अभिनेता आमिर खान भी पहुंचे थे। इंद्र कुमार के निर्देशन में बन रही इस पिल्म को मुहुर्त क्लैप आमिर खान ने ही दिया। आमिर खान ने इंद्र कुमार के साथ कई फिल्में की हैं।
टोटल धमाल इसी साल रिलीज होगी। यह एक कॉमेडी फिल्म है, जो धमाल और डबल धमाल के बाद इस फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म होगी। फिल्म को अजय देवगन प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म से अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी करीब 17 साल बाद परदे पर वापसी कर रही है। दोनों को एकसाथ देखना वो भी कॉमेडी करते हुए वाकई दिलचस्प होने वाला है।
80 और 90 के दशक में माधुरी दीक्षित और अनिल कपूर की जोड़ी सुपरहिट थी। दोनों ने साथ मिलकर पुकार, परिंदा, राम लखन, बेटा, जमाई राजा, तेजाब सहित कई हिट फिल्में दी हैं।
बता दें कि माधुरी और अनिल के अलावा इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी भी नजर आएंगे। फिल्म टोटल धमाल के पिछले दोनों पार्ट बेहद सफल रहे हैं।
कुछ दिनों पहले आए एक इंटरव्यू में फिल्म के बारे में बात करते हुए माधुरी ने कहा था कि यह सच है कि वह इंद्र कुमार के लंबे समय के बाद काम करने जा रही हैं। माधुरी ने कहा कि काफी समय से उन्होंने कोई कॉमेडी फिल्म नहीं की थी। इस वजह से इस फिल्म में काम करना उनके लिए बड़ा बदलाव है।
Latest Bollywood News