नई दिल्ली: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता विनोद खन्ना का गुरुवार को निधन हो गया। बता दें कि वह लंबे वक्त से वह गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। 70 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह काफी वक्त से कैंसर से पीड़ित थे। हाल ही में उनकी एक तस्वीर भी वायरल हुई थी, जिसमें वे बेहद कमजोर नजर आ रहे थे। खन्ना को बीते 31 मार्च को मुंबई स्थित सर एच एन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अस्पताल की ओर से यही कहा गया था कि खन्ना के शरीर में पानी की कमी हो गई है। विनोद खन्ना के दो बेटे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना हैं, जो बॉलिवुड में सक्रिय हैं।विनोद खन्ना 141 फिल्मों में काम कर चुके हैं। उन्होंने 1968 में आई फिल्म 'मन का मीत' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी।