'3 इडियट्स', 'सुल्तान', 'पीके' और 'लगे रहो मुन्ना भाई' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपने अभिनय के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता परीक्षित साहनी लंबे समय से लाइमलाइट से दूर हैं। लेकिन, हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसे देखने के बाद परीक्षित साहनी के फैंस भावुक हो गए हैं। इस वीडियो में परीक्षित साहनी अपनी बिल्डिंग में अपने केयरटेकर के साथ दिखाई दे रहे हैं। झुके कंधे और हाथ में डंडा लेकर वह केयरटेकर की मदद से टहलते देखे जा सकते हैं। दिग्गज अभिनेता का ये वीडियो सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो उठे हैं।
परीक्षित साहनी को देख भावुक हुए फैंस
82 साल के परीक्षित साहनी आमतौर पर लाइमलाइट से दूर रहते हैं, लेकिन हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया है। सेलिब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी ने दिग्गज अभिनेता का ये वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पजामा-टीशर्ट और लाल टोपी पहने डंडे के सहारे टहलते देखे जा सकते हैं। परीक्षित साहनी का ये वीडियो सामने आते ही फैंस ने सोशल मीडिया पर भावुक कमेंट्स की बौछार कर दी। एक ने कमेंट में लिखा- 'अब्बा बूढ़े हो गए हैं।' एक अन्य ने लिखा- 'इसी का नाम जीवन है, ये है जिंदगी की असली सच्चाई।' एक ने लिखा- 'इस उम्र में भी वह ग्लो कर रहे हैं और स्माइल कर रहे हैं। उन्हें देखकर अच्छा लगा।'
परीक्षित साहनी का करियर
मनोरंजन जगत में परीक्षित साहनी का करियर काफी लंबा और सराहनीय रहा है। उन्होंने अपने करियर में अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर से लेकर आमिर खान जैसे कलाकारों के साथ काम किया और खासतौर पर राजकुमार हिरानी की हिट फिल्मों का हिस्सा रहे। उन्होंने भारतीय सिनेमा में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट करियर की शुरुआत की थी। 1951 में रिलीज हुई फिल्म 'हलचल' में उन्होंने पहली बार काम किया और 1968 में रिलीज हुई 'अनोखी रात' में बतौर लीड एक्टर दिखाई दिए। अपने करियर में उन्होंने कई हिट फिल्मों के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री में भी काम किया।
परीक्षित साहनी की जिंदगी का सबसे डरावना दिन
परीक्षित साहनी ने पिछले साल ही अपनी जिंदगी के सबसे डरावने पल के बारे में बात की थी। उन्होंने ANI से बातचीत में 'गुल गुलशन गुलफाम' की शूटिंग से जुड़ा किस्सा याद करते हुए बताया था कि कैसे उन्हें और उनकी टीम को असल जिंदगी में खतरे का सामना करना पड़ा था। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी, जिसके बाद उन्हें बीच में ही शूटिंग छोड़नी पड़ी। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में शूटिंग के दौरान JKNF नाम का एक संगठन ने उन्हें और उनकी टीम को शूटिंग बंद करके जाने को कहा था, जिसके बाद मेकर्स ने फिल्म सिटी में ही झील का एक सेट तैयार किया और वहीं शूटिंग हुई।
ये भी पढ़ेंः पद्म श्री विजेता सौकार जानकी की हालत गंभीर, चेन्नई के अस्पताल में ICU में चल रहा 94 साल की एक्ट्रेस का इलाज
Latest Bollywood News