बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री पूजा बेदी और उनके मंगेतर मानेक कॉन्ट्रैक्टर की सगाई को 8 साल बीत चुके हैं, लेकिन दोनों ने अब तक शादी नहीं की है। लंबे समय से फैंस के मन में यह सवाल था कि यह जोड़ी कब सात फेरे लेगी। अब पूजा बेदी ने अपनी शादी की योजनाओं को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने साफ़ कर दिया है कि समय के साथ शादी को लेकर उनके विचार पूरी तरह बदल चुके हैं और अब उनका मानेक के साथ शादी के बंधन में बंधने का कोई इरादा नहीं है।
सगाई की प्रतिबद्धता ही काफी है
विक्की लालवानी संग इंटरव्यू में पूजा बेदी ने बताया कि मानना है कि रिश्ते में सगाई के जरिए जो कमिटमेंट मिली है, वही उनके लिए पर्याप्त है। उनका कहना है कि कानूनी रूप से शादी करना उनके साझा जीवन की प्राथमिकताओं में फिट नहीं बैठता। अभिनेत्री ने स्पष्ट किया कि जब कोई व्यक्ति आपकी उंगली में अंगूठी पहनाकर आपके साथ जीवन बिताने का वादा करता है तो वही सबसे महत्वपूर्ण कदम होता है। उनका मानना है कि एक-दूसरे का साथी, प्रेमी और जीवनभर का हमसफर बनने की भावना ही मुख्य है, इसके बाद कागजों पर हस्ताक्षर करके सरकार को अपने निजी रिश्ते में शामिल करने की कोई आवश्यकता नहीं है।
वित्तीय स्वतंत्रता और स्पेस का संतुलन
अपने रिश्ते के ताने-बाने को समझाते हुए पूजा ने बताया कि दोनों ही आर्थिक रूप से पूरी तरह स्वतंत्र हैं। दोनों अपनी-अपनी संपत्तियां अपने-अपने बच्चों के नाम छोड़ सकते हैं, जिससे वित्तीय मामलों में स्थिति बिल्कुल स्पष्ट और आसान रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि वे लिव-इन रिलेशनशिप में नहीं रह रहे हैं, फिर भी बिना कानूनी शादी के वे एक शादीशुदा जोड़े की तरह ही जीवन जी रहे हैं। मानेक गोवा में रहते हैं और पूजा मुंबई में। मानेक महीने का आधा समय मुंबई में बिताते हैं, जबकि पूजा भी कुछ दिनों के लिए गोवा जाती हैं। इस तरह दोनों को अपने रिश्ते में निजी जगह भी मिलती है, जो उनके अनुसार एक स्वस्थ रिश्ते के लिए बेहद जरूरी है।
सगाई की तारीख और भविष्य का फैसला
बॉलीवुड पूजा बेदी ने यह पूरी तरह स्पष्ट कर दिया है कि वे और मानेक भविष्य में 'कभी भी' शादी नहीं करेंगे। जानकारी के लिए बता दें कि पूजा बेदी और मानेक कॉन्ट्रैक्टर ने 14 फरवरी 2019 को सगाई की थी।
पूजा बेदी का व्यक्तिगत जीवन और परिवार
मानेक से सगाई से पहले पूजा बेदी की शादी फरहान फर्नीचरवाला से हुई थी, जिनसे साल 2003 में उनका तलाक हो गया था। पहली शादी से पूजा के दो बच्चे हैं, एक बेटा ओमर फर्नीचरवाला और एक बेटी अलाया एफ। अलाया एफ बॉलीवुड की एक जानी-मानी अभिनेत्री हैं, जिन्हें 'जवानी जानेमन' और 'फ्रेडी' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय के लिए पहचाना जाता है।
ये भी पढ़ें: 'मुझे कुत्ता कहलाना मंजूर है', नसीरुद्दीन शाह को 'लोमड़ी' कहकर कंगना ने किया पलटवार, बोलीं- खाते इस देश का हैं और लड़ते पड़ोसी के लिए
Latest Bollywood News