A
Hindi News मनोरंजन बॉलीवुड 90s की 'फेयर एंड लवली गर्ल', जिनसे नफरत करते थे नाना पाटेकर, करियर के पीक पर छोड़ी थी इंडस्ट्री

90s की 'फेयर एंड लवली गर्ल', जिनसे नफरत करते थे नाना पाटेकर, करियर के पीक पर छोड़ी थी इंडस्ट्री

हिंदी सिनेमा में ऐसे कई कलाकार हैं जिन्होंने न चाहते हुए भी फिल्मी दुनिया में कदम रखे और हिट भी हुईं। लेकिन, जल्दी ही इन्होंने फिल्मों से दूरी भी बना ली। इन्हीं एक्ट्रेस में से एक हैं 90 के दशक की 'फेयर एंड लवली गर्ल', जिन्होंने कम ही समय में एक्टिंग और लाइमलाइट से दूरी बना ली।

neesha singh- India TV Hindi Image Source : INSTAGRAM/@IMDB नीशा सिंह।

हिंदी सिनेमा में ऐसे कई कलाकार हैं जिनका फिल्मी दुनिया से न तो नाता था और न ही ये फिल्मों में कदम रखना चाहते थे, लेकिन किस्मत इन्हें कैमरों की दुनिया तक घसीट लाई। 'अंकुश' में नाना पाटेकर के साथ नजर आईं नीशा सिंह भी इन्हीं कलाकारों में से एक हैं। नीशा सिंह ने 90 के दशक में टीवी, फिल्मों के जरिए खूब नाम कमाया, लेकिन करियर के पीक पर आते ही इंडस्ट्री से दूरी भी बना ली। उनके इस फैसले से उनके फैंस को भी गहरा झटका लगा था। मुंबई के एक पॉश एरिया मालाबार हिल में पली-बढ़ीं नीशा सिंह सालों से बड़े पर्दे से दूर हैं और अब काफी बदल चुकी हैं। चलिए जानते हैं कि अब नीशा सिंह कहां हैं और क्या कर रही हैं और नाना पाटेकर आखिर उन्हें नापसंद क्यों करते थे।

एक कैंपेन से बदली जिंदगी 

नीशा सिंह का जन्म एक पंजाबी परिवार में हुआ और वो मुंबई के पॉश एरिया मालाबार हिल में पली-बढ़ी थीं। नीशा के करियर की शुरुआत एक कैंपेन के साथ हुई थी। एक वीडियो टेस्ट के बाद नीशा को एलिक पद्मसी के डायरेक्टर के प्रोजेक्ट फेयर एंड लवली के इवेंट के लिए इनवाइट किया गया। एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बारे में बताते हुए कहा था- ‘जब मुझे ऑफर मिला तो मैंने उन्हें बताया कि मुझे मेरा परिवार कभी भी मॉडलिंग करने की इजाजत नहीं देगा। लेकिन, मैं अपने दोस्तों के साथ शो देखने जरूर आउंगी।’

खुद ही मिला ऑफर

एक्ट्रेस ने आगे कहा था- 'शो के दौरान पद्मसी की नजर मुझ पर पड़ी, उन्होंने मुझसे पूछा कि आपने लुक टेस्ट क्यों नहीं दिया? मैंने कहा- मुझे कैमरे के लिए कोई ऐसा चेहरा चाहिए, जिस पर मेकअप न हो, क्यो तुम मेरे लिए कैमरे के सामने खड़ी हो जाओगी। पद्मसी से मीटिंग के कुछ दिन बाद प्रोड्यूसर अजय आनंद ने बताया कि मैं इस प्रोजेक्ट के लिए सिलेक्ट कर ली गई हूं। लेकिन मेरे पिता ने तब तक एड के लिए हामी नहीं भरी, जब तक पद्मसी खुद चलकर घर नहीं आए।'

देखते ही क्यों नफरत करने लगे थे नाना?

नीशा सिंह ने ज्योत्सना मोहन के यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए अपने एक्टिंग करियर को लेकर बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने बताया था कि नाना पाटेकर ने जब उन्हें देखा तो वह उनसे नफरत करने लगे थे। नीशा ने कहा, ‘डायरेक्टर एन चंद्रा ने ‘अंकुश’ के लिए मेरा स्क्रीन टेस्ट लिया था। फिल्म में मेरे को-स्टार नाना पाटेकर थे। फिल्म में मेरी कास्टिंग से वह शुरू में डर गए थे और मुझे देखते ही मुझसे नफरत करने लगे थे। उन्होंने डायरेक्टर से मराठी में कहा कि तुम पागल हो क्या? तुम्हें क्या लगता है कि तुम इस लड़की को फिल्म में ले सकते हो? लेकिन, जब उन्होंने मेरा शॉट देखा तो वह हैरान थे। उन्होंने मेरा सिर थपथपाया और कहा- तू चल जाएगी।’ 

अब कहां हैं नीशा सिंह?

नीशा सिंह ने 1997 में ही फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया था। उन्होंने शादी कर ली और सिंगापुर में सेटल हो गईं। अभिनेत्री के अनुसार, उन्हें एक्टिंग का कोई जुनून नहीं था, उनके लिए अभिनय बस एक शौक था। इसीलिए उन्होंने शादी के बाद अभिनय से दूर होने का फैसला लिया और विदेश में सेटल हो गईं। नीशा अभी भी परिवार और बच्चों के साथ अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं।

ये भी पढ़ेंः 32 साल से कायम है इस फिल्म की बादशाहत, आईमडीबी पर मिली है 9.3 रेटिंग, नहीं देखी तो क्या देखा
'मौत मांगती थी', तिहाड़ जेल में 4 महीने गुजार कर आई एक्ट्रेस की आपबीती, किस केस में पहुंची थी सलाखों के पीछे?

Latest Bollywood News