1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आमिर खान ने पत्नी गौरी को पहनाई दुर्लभ रूबी की अंगूठी, 131 कारीगरों ने 256 घंटे में की तैयार, हासिल करने में लगे 3 महीने

आमिर खान ने पत्नी गौरी को पहनाई दुर्लभ रूबी की अंगूठी, 131 कारीगरों ने 256 घंटे में की तैयार, हासिल करने में लगे 3 महीने

आमिर खान और गौरी स्प्रैट अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं। 5 जुलाई को दोनों ने परिवार और दोस्तों के बीच घर पर बेहद सिंपल अंदाज में शादी की। शादी में आमिर ने गौरी को एक अंगूठी पहनाई थी, जिसे ढूंढने में बहुत मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि ये कोई आम रिंग नहीं थी।

aamir khan- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@SAFAMIRZA_OFFICIAL/@WEAREQWEEN आमिर खान ने गौरी को पहनाई रेयर रूबी की अंगूठी।

आमिर खान ने बिना किसी दिखावे के, बेहद सादगी और अपनों से भरे एक छोटे से हॉल में गौरी स्प्रैट से शादी की। 5 जुलाई को आमिर और गौरी ने अभिनेता के घर में परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक-दूसरे को पति-पत्नी स्वीकार किया। दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत अपनी शादी के कागजातों पर साइन किए। इस दौरान आमिर के तीनों बच्चे जुनैद, आयरा और आजाद भी वहां मौजूद रहे और गौरी के बेटे भी उनके साथ दिखाई दिए। पब्लिक के शोर-शराबे से दूर, आमिर ने एक अंगूठी के जरिए इस सादगी भरे इवेंट को खास बना दिया। आमिर ने अपनी पत्नी के लिए एक बेहद खास वेडिंग रिंग चुनी थी, जिसकी अब हर तरफ चर्चा है।

आमिर खान ने गौरी को पहनाई रेयर रूबी रिंग

आमिर खान ने गौरी के लिए एक दुर्लभ नेचुरल रूबी की अंगूठी चुनी थी, जो असल में शाही लुक दे रही थी। इस अंगूठी में मेडागास्कर का एक कैवोकॉन-कट नेचुरल रूबी लगा है। ये रेयर रूबी अपनी गुंबद जैसी सतह  और गहरे ऑक्सब्लड रंग के लिए मशहूर है। Qween द्वारा तैयार की गई इस अंगूठी के चारों तरफ 40 असली हीरे लगे हैं और अभिनेता को इस रूबी को हासिल करने में 3 महीने का समय लग गया, क्योंकि इतनी शानदार गुणवत्ता वाले रूबी 0.1 प्रतिशत से भी कम होते हैं।
 

अंगूठी को बनाने में लगे 131 कारीगर और 256 घंटे

इस अंगूठी को बनाने वाले Q ween ज्वेलर्स ने इस अंगूठी से जुड़ा एक पोस्ट भी साझा किया है, जिसमें बताया गया कि इसे बनाने में 131 कारीगर लगे थे, जिन्होंने इसे 256 घंटे की मेहनत के बाद तैयार किया है। Q ween द्वारा जारी पोस्ट में लिखा है- 'आमिर खान ने अपनी शादी की अंगूठी के लिए क्वीन को चुना। इसके बाद तीन महीने तक चली खोज मेडागास्कर में एक दुर्लभ प्राकृतिक रूबी की खोज पर आकर समाप्त हुई, जो दुनिया में अब तक पाए जाने वाले 0.1% से भी कम रत्नों से बनी है। फिर 131 कारीगरों और 256 घंटों की मेहनत से इसे एक चिकने कैबोचोन का आकार दिया, जिसे मुकुट से प्रेरित माउंट में जड़ा गया।'
 

गौरी को पहले भी ज्वेलरी गिफ्ट कर चुके हैं आमिर

ये पहली बार नहीं है जब आमिर ने गौरी के लिए कुछ खास डिजाइन करवाया है, इससे पहले भी उन्होंने अपनी लेडी लव को ब्राजील से मंगाए रेयर एक्वामरीन स्टोन और नेचुरल हीरों वाली अंगूठी गिफ्ट की थी। अभिनेता ने मार्च 2026 में ये खास तोहफा गौरी को दिया था और तब इस रिंग की काफी चर्चा हुई थी। गौरी कई मौकों पर ये अंगूठी पहने नजर आई थीं, जिस पर हर किसी की निगाहें अटक गईं। अब आमिर की पहनाई ये रूबी रिंग चर्चा में है, जिसकी खासियत ने सबको हैरान कर दिया है।
 

Latest Bollywood News