A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. Aap Ki Adalat: इम्तियाज अली से दोस्ती, फिर भी बॉबी देओल के हाथ से निकल गई थी ये सुपरहिट फिल्म, अब बोले- 'ये सबक था'

Aap Ki Adalat: इम्तियाज अली से दोस्ती, फिर भी बॉबी देओल के हाथ से निकल गई थी ये सुपरहिट फिल्म, अब बोले- 'ये सबक था'

'आप की अदालत' में बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल ने अपनी जिंदगी के कई पहलुओं पर खुलकर बात की। इसी दौरान उन्होंने उस फिल्म के बारे में भी चर्चा की, जिसमें वह रिप्लेस कर दिए गए और वो भी बिना बताए।

Bobby Deol- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बॉबी देओल।

बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल फिलहाल अपने करियर की दूसरी इनिंग को लेकर चर्चा में हैं। बॉबी देओल के करियर में एक समय ऐसा भी आया था, जब उनके पास काम की कमी हो चुकी थी, लेकिन फिर उन्होंने 'आश्रम' से धमाकेदार वापसी की और 'एनिमल' में अपने अभिनय से सबको हैरान कर दिया। एनिमल की रिलीज के बाद बॉबी देओल के पास ऑफर्स की लाइन लग गई और इन दिनों वह अपनी फिल्म 'बंदर' को लेकर चर्चा में हैं। इस बीच बॉबी देओल ने इंडिया टीवी के प्रतिष्ठित शो 'आप की अदालत' शो में भाग लिया, जहां उन्होंने इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा के सवालों के जवाब दिए।

जब अचानक रिप्लेस कर दिए गए बॉबी देओल

शो के दौरान बॉबी देओल ने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी निराशा के बारे में बात की। बातचीत के दौरान अभिनेता ने बताया कि कैसे उन्हें फिल्म 'जब वी मेट' में रिप्लेस कर दिया गया। वह इस फिल्म में काम करने को लेकर इच्छुक थे और इस प्रोजेक्ट की शुरुआत भी उन्हीं के साथ हुई थी, लेकिन बाद में उनकी जगह शाहिद कपूर ने ले ली और इम्तियाज अली द्वारा निर्देशित ये फिल्म साल की बड़ी हिट साबित हुई थी। बॉबी देओल ने माना वे शुरुआत से ही इस प्रोजेक्ट से जुड़े हुए थे और इतने महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को खोने से उन्हें बहुत निराशा हुई थी। हालांकि, इसके बाद भी इम्तियाज अली से उनकी दोस्ती खत्म नहीं हुई।

बॉबी देओल ने 'जब वी मेट' से निकाले जाने के बारे में खुलकर बात की

इम्तियाज अली के फैसले से आहत होने के बारे में बात करते हुए बॉबी देओल ने कहा, "हम दोस्त हैं और उनके इस फैसले से मेरा दिल टूट गया था। मैं तब उस दौर से गुजर रहा था, जब मैं इस तरह की फिल्में करना चाहता था और मुझे इम्तियाज पर पूरा भरोसा था। जब मैंने 'सोचा ना था' का रफ कट देखा, तो मैं इम्तियाज के काम से बहुत प्रभावित हुआ। मुझे लगा कि क्योंकि वह इतने अच्छे निर्देशक हैं मुझे उनके साथ काम करना चाहिए। इसलिए मैंने उनसे बात की और वो भी फिल्म बनाने के लिए सहमत हो गए, लेकिन जब मार्केट में आपकी स्थिति अच्छी नहीं होती तो कोई आपका साथ नहीं देता।"

एक्ट्रेस, डायरेक्टर फिल्म में थे, लेकिन मैं नहीं- बॉबी देओल

बॉबी देओल आगे कहते हैं, "समय बीतता गया और जिन लोगों से मैंने संपर्क किया। मैंने जिस निर्माता से इम्तियाज के बारे में बात की, उन्होंने कहा था, 'इम्तियाज महंगे हैं', उसी निर्माता ने इम्तियाज के साथ यह फिल्म बनाई। फिल्म में एक्ट्रेस भी वही थी, जिसने मैंने जब बात की तो उसने फिल्म करने से इनकार कर दिया था। वो फिल्म में थी, लेकिन मैं नहीं। ऐसा हुआ, इसलिए मेरा दिल दुखता है। जब ऐसी चीजें होती हैं तो आपको बुरा महसूस होता है। फिर मैने खुद पर काम करना शुरू किया और मैंने तय किया कि यही मेरी ताकत होगी। मैं गुस्से से गुजरा हूं, मैंने जो भी झेला है, वही मेरी ताकत बनती गईं क्योंकि आप बस रोते नहीं रह सकते और मुझे लगता है कि ये सबक थे और मैंने इन चीजों से सीखा है। और आज के समय में मुझे इस बात की कोई शिकायत नहीं है कि मैंने ये किया या वो किया।"

सुपरहिट थी 'जब वी मेट'

बता दें, 'जब वी मेट' अक्टूबर 2007 में रिलीज हुई थी, जिसमें करीना कपूर और शाहिद कपूर लीड रोल में थे। यह इम्तियाज अली की दूसरी फिल्म थी और उस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में से एक बन गई। इस फिल्म को रोमांटिक कल्ट क्लासिक का दर्जा मिला है।

ये भी पढ़ेंः Aap Ki Adalat: राम रहीम या आशाराम बापू? किससे प्रेरित था बाबा निराला का किरदार, बॉबी देओल ने बताई सच्चाई
'घूसखोर पंडत' विवाद के बाद बुरी तरह घिर गए थे मनोज बाजपेयी, परिवार को भी मिली धमकी, फिर भी बिना खौफ घूम रहे थे एक्टर

Latest Bollywood News