शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की डायरेक्टोरियल डेब्यू 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक दे चुकी है और इन दिनों खूब तारीफें बटोर रही है। दर्शकों और क्रिटिक्स से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। सीरीज में लक्ष्य लालवानी, सहर बांबा, बॉबी देओल जैसे कलाकार मुख्य किरदार में हैं, लेकिन साइड रोल करके भी कुछ एक्टर खूब तारीफें हासिल कर रहे हैं, इन्हीं में से एक हैं राघव जुयाल। 'स्लो मोशन किंग' के नाम से मशहूर राघव जुयाल ने कभी बैकग्राउंड डांसर के तौर पर अपना करियर शुरू किया था और अब एक दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे हैं। तो चलिए उनके करियर पर एक नजर डालते हैं और जानते हैं कि आखिर अपने 13 साल से ज्यादा के करियर में राघव अब तक क्या-क्या कर चुके हैं।
राघव जुयाल का करियर
देहरादून के रहने वाले राघव जुयाल ने बतौर बैकग्राउंड डांसर करियर शुरू किया था और 2011 में 'डांस इंडिया डांस सीजन 3' में हिस्सा लेकर सुर्खियों में छा गए। खासतौर पर अपने स्लो मोशन से उन्होंने दर्शकों और जजेस को खूब इंप्रेस किया। राघव इस सीजन के विनर नहीं बन सके। वह डांस इंडिया डांस सीजन 3 के सेकेंड रनर-अप जरूर रहे, लेकिन अपने डांस से सबके दिलों में बस गए। इसके बाद उन्होंने डीआईडी लिटिल मास्टर 2 और डांस के सुपरकिड्स में बतौर मेंटर काम किया।
कमाल के होस्ट भी हैं राघव जुयाल
राघव जुयाल एक शानदार डांसर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन होस्ट भी हैं और अपनी कॉमिक टाइमिंग से सबको हंसने पर मजबूर कर देते हैं। उन्होंने 'डांस प्लस', 'नच बलिए 7', 'डांस प्लस 3', 'डांस प्लस 4', 'डांस चैंपियन', 'राइजिंग स्टार', 'दिल है हिंदुस्तानी' और 'डांस प्लस 5' जैसे रियेलिटी शो होस्ट किए और दर्शकों को खूब एंटरटेन किया।
एक्टिंग डेब्यू
राघव जुयाल के फिल्मी करियर की शुरुआत 2011 में रिलीज हुई 'सोनाली केबल' से हुई, जिसमें उन्होंने साडा की भूमिका निभाई थी। इसके बाद वह 'एबीसीडी 2', 'नवाबजादे', 'स्ट्रीट डांसर 3डी', 'बहुत हुआ सम्मान', 'किसी का भाई किसी की जान' जैसी फइल्मों में नजर आए। लेकिन, सबसे ज्यादा सुर्खियां उन्होंने 2023 में रिलीज हुई 'किल' से बटोरी, जिसमें उन्होंने खूंखार विलेन की भूमिका निभाई और लक्ष्य लालवानी इसमें लीड रोल में थे।
बैड्स ऑफ बॉलीवुड में राघव जुयाल का रोल
आर्यन खान की सीरीज 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' में राघव के किरदार की बात करें तो उन्होंने 'परवेज' का किरदार निभाया है, जो हीरो 'आसमान सिंह' (लक्ष्य लालवानी) का दोस्त है। सीरीज में उनका किरदार काफी पसंद किया गया। खास बात तो ये है कि लक्ष्य लालवानी के साथ राघव रियल लाइफ में भी काफी अच्छा बॉन्ड शेयर करते हैं, क्योंकि दोनों पहले भी 'किल' में साथ काम कर चुके हैं। किल में जहां वह विलेन की भूमिका में थे और लक्ष्य हीरो तो वहीं द बैड्स ऑफ बॉलीवुड में उन्होंने एक बेहद सपोर्टिव दोस्त का किरदार निभाया है, जिसे काफी पसंद किया जा रहा है।
Latest Bollywood News