1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. भटकते-भटकते भारत आई हसीना, फिर बॉलीवुड में चलाया हुस्न का जादू और हो गई छूमंतर, अब नाम बदलकर की वापसी

भटकते-भटकते भारत आई हसीना, फिर बॉलीवुड में चलाया हुस्न का जादू और हो गई छूमंतर, अब नाम बदलकर की वापसी

एक नई पहचान, एक नई शुरुआत के साथ बॉलीवुड की फेमस एकट्रेस कमबैक करने जा रही है। सलमान खान के बैनर तले लॉन्च हुई इस एक्ट्रेस ने अचानक ही इंडस्ट्री छोड़ दी थी, लेकिन वापसी से फिर चर्चा में आ गई हैं।

Afghanistan based warina hussain- India TV Hindi
Image Source : STILL FROM LOVEYATRI FILM अयुष शर्मा और वरीना हुसैन।

बॉलीवुड में बड़े बैनर के तले लॉन्च होने का सपना हर न्यूकमर देखता है। कम ही लोगों का ये सपना पूरा हो पाता है। बड़े बैनर की फिल्मों के सहारे पहली ही फिल्म से एक्टर्स को पहचान मिल जाती है। कई साल पहले ऐसे ही एक बड़े बैनर के तले एक खूबसूरत हसीना लॉन्च की गई। फिल्म भले ही नहीं चली, लेकिन एक्ट्रेस की खूबसूरती की काफी चर्चा हुई। सोशल मीडिया पर भी ये हसीना पॉपुलर हो गईं, लेकिन फिर एक दिन अचानक ही ये एक्ट्रेस गायब हो गईं। ये एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि अयुष शर्मा संग डेब्यू करने वाली एक्ट्रेस वरीना हुसैन हैं। कभी बॉलीवुड में एक उभरते सितारे की तरह चमकीं वरीना हुसैन अचानक एक दिन सबकुछ छोड़कर गायब हो गईं। स्क्रीन से सोशल मीडिया से और यहां तक कि चर्चा से भी। अब सात साल बाद, उन्होंने एक नई पहचान के साथ वापसी की है। नई शुरुआत के साथ एक्ट्रेस ने अपना नाम बदल दिया है।

नाम बदलकर एक्ट्रेस ने किया कमबैक

वरीना हुसैन अब हीरा वरीना बन चुकी हैं। साल 2018 में सलमान खान की फिल्म ‘लवयात्री’ से जब वरीना ने बॉलीवुड में कदम रखा तो सबकी निगाहें उन पर टिक गईं। फिल्म भले ही बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं दिखा सकी, लेकिन वरीना की अभिनय क्षमता और स्क्रीन प्रेजेंस की जमकर तारीफ हुई। उनके डेब्यू को लेकर बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन फिल्म के बाद वह जैसे ओझल हो गईं। 6 अगस्त 2025, बुधवार को वरीना ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डाला, जिसमें उन्होंने अपने नाम परिवर्तन की घोषणा की। अब वह ‘हीरा वरीना’ के नाम से पहचानी जाएंगी। आखिर उन्होंने इसे अपना नया नाम बताया है।

यहां देखें पोस्ट

नए नाम पर लोगों की प्रतिक्रिया

उन्होंने हालिया पोस्ट में लिखा, 'मैंने आधिकारिक तौर पर अपना नाम बदलकर हीरा वरीना रख लिया है। यह फैसला न्यूमरोलॉजी के आधार पर लिया है। नया चैप्टर शुरू हो रहा है, पर सार वही है। जो लोग आपके करीब हैं, उनके लिए आपका प्यार आपकी पहचान से कहीं ज्यादा मायने रखता है।' उनके इस भावुक पोस्ट पर फैंस ने भी खूब प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने लिखा, 'नया नाम, नई शुरुआत ऑल द बेस्ट!' तो किसी ने दुआ दी कि 'ये नया नाम तुम्हें नई ऊंचाइयों तक ले जाए, नजर न लगे।'

जब इंस्टाग्राम भी छोड़ दिया था

वरीना की साल 2021 में अचानक ही गायब हुई थी, जब उन्होंने इंस्टाग्राम पर यह ऐलान किया कि वह सोशल मीडिया से दूर जा रही हैं और अब से उनकी टीम ही उनके अकाउंट को संभालेगी। उन्होंने अपने लगभग सभी पोस्ट डिलीट कर दिए थे। उस समय उनके इस फैसले ने फैंस को हैरान कर दिया था, लेकिन 5 अगस्त 2025 को जब उन्होंने अचानक वापसी की पोस्ट डाली तो फैंस के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई। हीरा वरीना की जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही। फिल्मों में आने से पहले वह दिल्ली में एक फैशन डिजाइनर के बुटीक पर काम करती थीं। महज 12वीं के बाद, उन्होंने सेल्स गर्ल की नौकरी शुरू की, क्योंकि घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी। जब यह रास्ता भी बंद सा लगने लगा, तो उन्होंने मॉडलिंग की ओर रुख किया।

यहां देखें पोस्ट

अफगानिस्तान की रहने वाली है वरीना

दिल्ली की सीमाओं से बाहर निकलने की चाह उन्हें मुंबई ले आई। वहां उन्होंने एड फिल्मों में काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे अपना मुकाम बनाना शुरू किया। इसी दौरान सलमान खान की नजर उन पर पड़ी और उन्हें ‘लवयात्री’ में लॉन्च किया गया। हीरा वरीना यानी पूर्व में वरीना हुसैन की जड़ें अफगानिस्तान से जुड़ी हैं। उनका जन्म एक ऐसे परिवार में हुआ, जो बेहतर भविष्य की तलाश में एक देश से दूसरे देश भटकता रहा। अफगानिस्तान की अस्थिर राजनीतिक स्थितियों के चलते उनका परिवार उज्बेकिस्तान चला गया और फिर वहां से भारत आया। इस जीवन यात्रा ने उन्हें बहुत कुछ सिखाया। वरीना के पिता नहीं थे, और उनकी मां ने उन्हें अकेले ही पाला। यह अकेलापन और संघर्ष ही शायद उनके अभिनय में झलकता है। नाम बदलने के इस फैसले के पीछे सिर्फ न्यूमरोलॉजी नहीं, बल्कि एक आत्मिक परिवर्तन भी छिपा है।

Latest Bollywood News