1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. महेश मांजरेकर के बाद अब पत्नी मेधा मांजरेकर को हुआ कैंसर, इमोशनल पोस्ट में 'दबंग 3' एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

महेश मांजरेकर के बाद अब पत्नी मेधा मांजरेकर को हुआ कैंसर, इमोशनल पोस्ट में 'दबंग 3' एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

मराठी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मेधा मांजरेकर इस वक्त मुश्किल दौर से जूझ रही हैं। एक्ट्रेस को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर एक लंबे पोस्ट के जरिए उन्होंने अपना दर्द बयां किया है।

Mahesh Manjrekar wife Medha Manjrekar- India TV Hindi
Image Source : MEDHA MANJREKAR INSTAGRAM मेधा मंजरेकर।

मशहूर फिल्म निर्माता और अभिनेता महेश मांजरेकर की पत्नी व दिग्गज मराठी एक्ट्रेस मेधा मांजरेकर ने पहली बार अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने खुलासा किया है कि वे कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं। अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक पोस्ट साझा कर इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने अपनी इस मुश्किल यात्रा के अनुभवों को साझा करते हुए उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया है, जो जीवन के इस सबसे चुनौतीपूर्ण दौर में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे। इसके साथ ही मेधा ने अस्पताल से जुड़ी अपनी कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं।

इलाज के सफर पर मेधा मांजरेकर का भावुक संदेश

मेधा मांजरेकर ने अपने नोट में बताया कि उन्होंने अपने इलाज का एक बड़ा चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अपने इस अनुभव को याद करते हुए उन्होंने बीमारी के बजाय उस दौरान मिले प्यार और अपनेपन पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने लिखा, 'जैसे ही मेरे इलाज का एक चरण समाप्त हो रहा है और मेरा जन्मदिन नजदीक आ रहा है, मैं खुद को अतीत में झांकते हुए पा रही हूं। मैं उस बीमारी, सर्जरी, कीमोथेरेपी या रेडिएशन को याद नहीं कर रही, बल्कि मुझे तो ईश्वर की कृपा और उनकी करुणा याद आ रही है।' उन्होंने आगे लिखा कि इस सफर के दौरान उन्हें अहसास हुआ कि भगवान हमेशा किसी दिव्य रूप में सामने नहीं आते, बल्कि वे उनके गुरुओं, डॉक्टरों, नर्सों, परिवार, दोस्तों और अजनबियों के रूप में उनकी जिंदगी में आए और आशीर्वाद बन गए।

यहां देखें पोस्ट

मुश्किल दौर में अपनों से मिला भरपूर प्यार

इलाज के दौरान अपनी देखभाल करने वाले लोगों के प्रति आभार जताते हुए मेधा ने लिखा, 'जब ट्रीटमेंट के कारण मेरी भूख पूरी तरह खत्म हो चुकी थी, तब भी कोई न कोई यह जरूर जानता था कि मैं क्या खा सकती हूं। कभी ढोकले का डिब्बा, कभी सॉफ्ट इडली, तो कभी गुड़-पापड़ी। जिस दिन मुझे अचानक पानी-पुरी खाने की इच्छा हुई, उस दिन वह भी हाजिर थी। वह बेहद साधारण भोजन था, लेकिन उसमें असाधारण प्यार लिपटा हुआ था।' मेधा की इस पोस्ट पर उनकी बेटी और अभिनेत्री सई मांजरेकर ने बेहद प्यारा कमेंट करते हुए उन्हें सबसे मजबूत लड़की बताया। इसके अलावा स्वप्निल जोशी और नीना कुलकर्णी सहित कई मराठी फिल्मी हस्तियों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। बता दें, मेधा मांजरेकर, महेश मांजरेकर की दूसरी पत्नी हैं, एक्टर की पहली पत्नी का दीपा मेहता का बीते साल सितंबर में निधन हो गया।

मेधा मांजरेकर का फिल्मी सफर और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मेधा मांजरेकर ने मराठी सिनेमा में अपने बेहतरीन अभिनय से एक खास पहचान बनाई है। उन्होंने 'काकस्पर्श', 'दे धक्का', 'नटसम्राट', 'फक्त लढ म्हणा', 'जुना फर्नीचर' और बॉलीवुड फिल्म 'दबंग 3' जैसी कई सराहनीय फिल्मों में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। उन्हें आखिरी बार फिल्म 'एक राधा एक मीरा' में देखा गया था। मेधा ने साल 1995 में महेश मांजरेकर से शादी की थी। गौरतलब है कि साल 2021 में महेश मांजरेकर को भी यूरिनरी ब्लैडर कैंसर का पता चला था, जिसके बाद मुंबई में उनकी एक बड़ी सर्जरी हुई और वे पूरी तरह ठीक हो गए थे। उस कठिन समय में मेधा ने पूरे परिवार को भावनात्मक रूप से संभाला था और अब वे खुद इस बीमारी को मात देने की राह पर हैं।

ये भी पढ़ें: मुजम्मिल इब्राहिम ने वायरल वीडियो पर तोड़ी चुप्पी, दीपिका पादुकोण से ब्रेकअप वाले बयान पर दी सफाई, बोले- अधूरा सच पेश किया जा रहा

Latest Bollywood News