ऐश्वर्या राय बच्चन हर साल मुंबई में जीएसबी गणपति समारोह में शामिल होने जरूर जाती हैं और इस बार भी वह अपनी बेटी के साथ पहुंचीं। गणेश चतुर्थी 2025 के मौके पर बच्चन परिवार की बहुरानी ऐश्वर्या अपनी बेटी आराध्या के साथ जीएसबी गणपति पंडाल बप्पा के दर्शन करने पहुंचीं। अब सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रही हैं, जिसमें ऐश्वर्या और आराध्या भक्तों की भीड़ से निकलकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेती नजर आईं। मां-बेटी का वीडियो देख लोग उनकी खूबसूरती और सादगी की खूब तारीफ कर रहे हैं।
ऐश्वर्या राय ने बेटी संग किए बप्पा के दर्शन
रविवार, 31 अगस्त को ऐश्वर्या राय बच्चन अपनी बेटी आराध्या के साथ मुंबई के गौड़ सारस्वत ब्राह्मण (जीएसबी) गणेशोत्सव 2025 में पहुंचीं। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में ऐश्वर्या विनम्रता से मुस्कुराती और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन करती दिख रही हैं जब वे बप्पा का आशीर्वाद लेने पहुंचीं। एक्ट्रेस व्हाइट एथनिक सूट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं और उन्होंने अपने बाल खुले रखे हुए थे। उन्होंने माथे पर एक बिंदी लगाई थी और अपने लुक को बोल्ड रेड लिपस्टिक से पूरा किया था। वहीं, आराध्या मस्टर्ड येलो कुर्ता सेट में नजर आईं। उन्होंने अपना ये सिंपल लुक बिंदी से पूरा किया।
भारी सुरक्षा के बीच ऐश्वर्या राय पहुंचीं गणपति पंडाल
जीएसबी गणपति पंडाल में काफी भीड़ होने के कारण एक्ट्रेस सिक्योरिटी केसाथ वहां पहुंचीं। इस दौरान कई फैंस ऐश्वर्या की एक झलक पाने की कोशिश कर रहे थे। ऐश्वर्या को पंडाल के पुजारी से बात करते देखा गया। वीडियो में आराध्या भी गणपति बप्पा की भक्ति में डूबी दिखीं। इस मौके पर उनके साथ बच्चन फैमिली का कोई और सदस्य नजर नहीं आया। हालांकि, अभिषेक बच्चन पहले ही कह चुके हैं कि वे अलग नहीं हो रहे हैं।
ऐश्वर्या राय बच्चन के नए प्रोजेक्ट्स
काम की बात करें तो ऐश्वर्या राय बच्चन आखिरी बार मणिरत्नम की बिग बजट फिल्म पोन्नियिन सेलवन: 1और 2 में नजर आई थीं। उन्होंने अभी तक अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट की घोषणा नहीं की है।
Latest Bollywood News