दिवाली का मौका हो और बॉलीवुड के सितारों की महफिल न सजे, ऐसा भला कैसे हो सकता है। त्योहार के जश्न के बीच फिल्मी दुनिया में भी पार्टियों का दौर जारी है। इस सिलसिले में फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के घर आयोजित दिवाली समारोह में कई मशहूर हस्तियां पहुंचीं। हालांकि इस शाम की सबसे ज्यादा चर्चा किसी नए फैशन ट्रेंड या सितारे के लुक की नहीं, बल्कि ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की साथ में मौजूदगी की रही। दोनों को लंबे समय बाद इस तरह बेफिक्र अंदाज में एक-दूसरे के साथ देखकर फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
ऐश्वर्या-अभिषेक की मुस्कान ने खींचा सबका ध्यान
पार्टी में पहुंचने के साथ ही ऐश्वर्या और अभिषेक ने अपने अंदाज से कैमरों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर कार्यक्रम में शिरकत की। तस्वीरें खिंचवाने के दौरान भी उनके बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। ऐश्वर्या कभी अभिषेक के करीब खड़ी नजर आईं तो कभी उनकी बाहों में आकर मुस्कुराते हुए कैमरे के लिए पोज देती दिखीं। दोनों की हंसी और सहजता ने इस मुलाकात को सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना दिया। इस खास मौके के लिए ऐश्वर्या ने लाल रंग की साड़ी चुनी, जिस पर सुनहरे धागों से बारीक कारीगरी की गई थी। उनके लाल लिप्स और ट्रेडिशनल स्टाइल ने पूरे लुक में चार चांद लगा दिए। दूसरी तरफ अभिषेक ने काले रंग की शेरवानी पहनकर अपने लुक को क्लासी रखा। दोनों की जोड़ी को देखकर फैंस ने भी खूब प्यार लुटाया।
2007 में शादी के बंधन में बंधे थे दोनों
ऐश्वर्या और अभिषेक की मुलाकात फिल्मों के सेट पर हुई थी। साथ काम करते हुए दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। फिल्म 'गुरु' के दौरान उनकी नजदीकियों की खूब चर्चा हुई थी। आखिरकार 20 अप्रैल 2007 को दोनों ने मुंबई में बच्चन परिवार के आवास प्रतीक्षा में शादी कर ली। उनकी शादी उस समय बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादियों में शामिल थी। नवंबर 2011 में उनके घर बेटी आराध्या का जन्म हुआ। इसके बाद से दोनों अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी के बीच संतुलन बनाते नजर आए हैं।
रिश्ते में अनबन की खबरों के बीच फिर चर्चा में आई जोड़ी
बीते कुछ समय से ऐश्वर्या और अभिषेक की शादीशुदा जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की बातें होती रही हैं। दोनों के सार्वजनिक कार्यक्रमों में अलग-अलग पहुंचने और कुछ पारिवारिक मौकों पर साथ नजर नहीं आने के बाद उनके रिश्ते में खटास की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। यहां तक कि तलाक की चर्चाओं ने भी जोर पकड़ा। हालांकि दोनों में से किसी ने भी इन अफवाहों की पुष्टि नहीं की। इसके बाद अलग-अलग मौकों पर दोनों की साथ मौजूदगी ने इन चर्चाओं को फिर पीछे छोड़ दिया। अब मनीष मल्होत्रा की पार्टी में उनका एक-दूसरे के साथ हंसना, तस्वीरें खिंचवाना और करीब नजर आना फैंस के लिए खास बन गया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इस जोड़ी को देखकर खुशी जताई। हालांकि इसे किसी कथित विवाद के खत्म होने का आधिकारिक संकेत नहीं कहा जा सकता, लेकिन उनकी यह झलक निश्चित रूप से चर्चा में है।
फिल्मों को लेकर भी सुर्खियों में हैं दोनों सितारे
फिल्मी मोर्चे पर ऐश्वर्या राय बच्चन आखिरी बार मणिरत्नम की 'पोन्नियिन सेल्वन: पार्ट 2' में नजर आई थीं। 2023 में आई इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों और क्रिटीक्स से सराहना मिली थी। फिलहाल उनकी अगली फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। आखिरी बार वो पेरिस फैशन वीक में रैंप पर जलवे बिखेरते नजर आई थीं। वहीं अभिषेक बच्चन लगातार अलग-अलग तरह के किरदारों के साथ दर्शकों के सामने आ रहे हैं। वह 'आई वांट टू टॉक', 'बी हैप्पी', 'हाउसफुल 5' और 'कालिधर लापता' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं। अब उनकी आगामी फिल्म 'किंग' को लेकर चर्चा है, जिसमें वह शाहरुख खान के साथ दिखाई देंगे।
ये भी पढ़ें: 'मैं डर से भरा हुआ था', राम का किरदार निभाते वक्त बंधे थे रणबीर कपूर के हाथ, बोले- कुछ भी बदलने की आजादी नहीं थी
Latest Bollywood News