1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अजय देवगन का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा, पांचवें दिन भी जारी रहा 'धमाल', वर्ल्डवाइड 115 करोड़ के पार

अजय देवगन का बॉक्स ऑफिस पर दबदबा, पांचवें दिन भी जारी रहा 'धमाल', वर्ल्डवाइड 115 करोड़ के पार

'धमाल 4' सिनेमाघरों में आते ही छा गई है। फिल्म की कमाई ताबड़तोड़ तरीके से हो रही है। पांचवे दिन फिल्म की दुनिया भर में कमाई 115 करोड़ के पार पहुंच गई है।

Dhamaal 4- India TV Hindi
Image Source : IMDB धमाल 4

अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अपने पहले मंगलवार यानी रिलीज के पांचवें दिन शानदार कमाई की, जो सोमवार के मुकाबले भी बेहतर रही। कामकाजी दिन होने और टिकटों के दाम कम होने का सीधा फायदा फिल्म को मिला, जिससे सिनेमाघरों में दर्शकों की तादाद में भारी इजाफा देखा गया। अपने पांचवें दिन फिल्म ने भारत में 9.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस कमाई के साथ ही फिल्म का कुल भारतीय ग्रॉस कलेक्शन 99.44 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 83.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक दिन में यह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लेगी।

विदेशी बाजारों में प्रदर्शन और वर्ल्डवाइड कमाई

घरेलू बाजार के साथ-साथ 'धमाल 4' को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। विदेशी बाजारों में फिल्म ने मंगलवार को 1.50 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद इसका कुल ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 16 करोड़ रुपये हो गया है। भारतीय और विदेशी बाजारों की कुल कमाई को मिलाकर 'धमाल 4' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अब 115.44 करोड़ रुपये के शानदार आंकड़े पर पहुंच चुका है।

शुरुआती दिनों का बॉक्स ऑफिस सफर और ऑक्यूपेंसी

फिल्म के शुरुआती पांच दिनों के सफर पर नजर डालें तो इसने 10 जुलाई, शुक्रवार को 10,669 शोज और 24% ऑक्यूपेंसी के साथ 14 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। शनिवार यानी दूसरे दिन शोज की संख्या बढ़कर 10954 हुई और 35% ऑक्यूपेंसी के साथ कमाई 22.50 करोड़ रुपये रही। रविवार फिल्म ने सबसे बड़ी छलांग लगाई और 11481 शोज व 44% ऑक्यूपेंसी के साथ 28.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हालांकि सोमवार यानी चौथे दिन वर्किंग डे होने के कारण कमाई में गिरावट आई और 10598 शोज व 19% ऑक्यूपेंसी के साथ फिल्म ने 8.75 करोड़ रुपये बटोरे। पांचवें दिन मंगलवार को फिल्म ने वापसी की और 1077 शोज में 20% ऑक्यूपेंसी दर्ज कराते हुए 9.50 करोड़ रुपये कमाए।

मंगलवार को शोज का हाल और दर्शकों की मौजूदगी

मंगलवार को फिल्म के हिंदी 2D शोज में कुल मिलाकर 20.78% की ऑक्यूपेंसी देखी गई। दिन के अलग-अलग समय के हिसाब से दर्शकों की संख्या में बदलाव आता रहा। सुबह के शोज में यह ऑक्यूपेंसी 9.31% थी, जो दोपहर के शोज में बढ़कर 19.69% तक पहुंच गई। शाम के वक्त थिएटरों में भीड़ और बढ़ी तथा ऑक्यूपेंसी 22.46% दर्ज की गई। वहीं रात के शोज में सबसे ज्यादा दर्शक पहुंचे, जहां ऑक्यूपेंसी का स्तर 29.31% तक देखा गया।

फिल्म की कहानी, स्टार कास्ट और समीक्षकों की राय

इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म की कहानी एक समुद्री डाकू यानी रवि किशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक पुराने खोए हुए खजाने की तलाश में है। जैसे ही इस खजाने की बात बाहर आती है, कई और लोग भी इस रेस में शामिल हो जाते हैं। इसके बाद गलतफहमियों और असमंजस का ऐसा दौर शुरू होता है जो पूरी कहानी में अफरा-तफरी पैदा कर देता है। फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।

फिल्म को मिली कैसी प्रतिक्रिया?

हालांकि समीक्षकों की तरफ से फिल्म को मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। इंडिया टीवी ने इसे 3 स्टार दिए, फिल्म के वीएफएक्स को लेकर कमियां रिव्यू में उजागर की गईं। वहीं कलाकारों की एक्टिंग बेजोड़ थीं। फिल्म में ठहाकों की कमी नहीं है, लॉजिक खोजने वाले लोगों को शायद ये फिल्म न पसंद आए, लेकिन दिमाग घर पर छोड़ कर आने वालो, सिर्फ मनोरंजन पर फोकस करने वाले लोगों को ये फिल्म जरूर हंसाएगी।

ये भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत देख भावुक हुआ बॉलीवुड, अभय देओल का टूटा दिल, जीनत अमान-नसीरुद्दीन शाह ने उठाई आवाज

Latest Bollywood News