1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अजय देवगन की 'धमाल 4' का वीक डेज पर भी जारी है कमाल, बुधवार को कमाए 6.50 करोड़, सेंचुरी के करीब पहुंची फिल्म

अजय देवगन की 'धमाल 4' का वीक डेज पर भी जारी है कमाल, बुधवार को कमाए 6.50 करोड़, सेंचुरी के करीब पहुंची फिल्म

अजय देवगन की 'धमाल 4' को रिलीज हुए 1 हफ्ता भी नहीं हुआ है और ये फिल्म सेंचुरी के करीब पहुंच गई है। वीक डेज पर भी फिल्म की शानदार कमाई जारी है और ये अब तक 89.75 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। अब देखना ये होगा कि ये फिल्म 100 करोड़ का आंकड़ा कब पार करती है।

ajay devgn- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE/T-SERIES धमाल 4 बॉक्स ऑफिस कलेक्शन।

अजय देवगन और अरशद वारसी स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' जब से सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, दर्शकों को जकड़े हुए है। फिल्म वीक डेज पर भी जबरदस्त कमाई कर रही है। क्रिटिक और दर्शकों से यूं तो फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया ही मिली है, लेकिन इसके बाद भी फिल्म की शानदार कमाई जारी है और बुधवार को तो 'धमाल 4' के कलेक्शन ने सबको चौंका दिया। 14 करोड़ के साथ बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली धमाल 4 ने रिलीज के छठे दिन, यानी बुधवार को 6.50 करोड़ का कलेक्शन किया और इसी के साथ 100 करोड़ क्लब के और भी ज्यादा नजदीक पहुंच गई है।

धमाल 4 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

'धमाल 4' के कलेक्शन की बात करें तो 10 जुलाई को रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 14 करोड़ के साथ ओपनिंग की। 35 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी के साथ दूसरे दिन यानी पहले शनिवार को इसने 22.50 करोड़ कमाए और तीसरे दिन 28.50 करोड़ कलेक्ट किए। चौथे दिन फिल्म की कमाई तेजी से नीचे गिरी और फिल्म 8.74 करोड़ ही कमा सकी, लेकिन पांचवे दिन मंगलवार को कमाई ने फिर रफ्तार पकड़ी और 9.50 करोड़ का कलेक्शन किया। वहीं आज, यानी बुधवार को धमाल 4 ने 6.50 करोड़ कमाए और इसी के साथ घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का नेट कलेक्शन 89.75 करोड़ पहुंच गया है।

विदेशों में भी जमकर बरस रहे नोट

अजय देवगन की 'धमाल 4' पर विदेशों में भी जमकर नोट बरस रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को विदेशों में इस फिल्म ने 1.25 करोड़ का कलेक्शन किया और इसी के साथ अब तक दुनियाभर में 'धमाल 4' 124.36 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है। बता दें, ये फिल्म सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'धमाल' की चौथी किस्त है, जिसमें अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, रितेश देशमुख, संजय मिश्रा, रवि किशन, जावेद जाफरी, उपेंद्र लिमये, अंजलि आनंद और संजीदा शेख जैसे कलाकार भी अहम भूमिका में हैं।

अजय देवगन की आने वाली फिल्में

'धमाल 4' के बाद अजय देवगन की आने वाली फिल्मों की बात करें तो सुपरस्टार 'दृश्यम 3' में नजर आने वाले हैं, जो 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा वह निर्देशक नीरज यादव की एक्शन फिल्म 'चौहान' में भी नजर आएंगे, जो 2027 में रिलीज होगी। पिछले दिनों ही अजय देवगन ने धमाकेदार अंदाज में अपनी नई फिल्म 'चौहान' का ऐलान किया था, जिसमें एक्टर की पहली झलक देख फैंस भी खुशी से उछल पड़े। इस अनाउंसमेंट की सबसे बड़ी हाइलाइट इसका बैकग्राउंड स्कोर और दमदार डायलॉग था, जिसमें बैकग्राउंड में अमिताभ बच्चन का 'जुम्मा चुम्मा' गाना बज रहा होता है और अजय देवगन कड़क आवाज में कहते हैं-  'पठानों से कहना, चौहान आ रहा है।' इन दो फिल्मों के अलावा अजय देवगन 'गोलमाल 5' के लिए भी शूटिंग शुरू कर चुके हैं।

ये भी पढ़ेंः IIM छोड़ हीरो बने अविनाश वाधवन, शाहरुख-अजय से थे आगे, एक गलती से बर्बाद हुआ चमकता करियर, अब हुए गुमनाम

Latest Bollywood News