1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बिल नहीं चुकाया तो कटी घर की बिजली, अब भड़कीं अजय देवगन की साली तनीषा मुखर्जी, बोलीं- इतनी मोटी रकम कैसे दे दूं

बिल नहीं चुकाया तो कटी घर की बिजली, अब भड़कीं अजय देवगन की साली तनीषा मुखर्जी, बोलीं- इतनी मोटी रकम कैसे दे दूं

तनीषा मुखर्जी ने लोनावला स्थित अपने पुश्तैनी घर की बिजली कटने पर महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड पर नाराजगी जताई। अभिनेत्री ने भारी बिल और तय तारीख से पहले कनेक्शन काटने पर सवाल उठाए।

tanishaa mukerji- India TV Hindi
Image Source : TANISHAA MUKERJI INSTAGRAM काजोल, तनुजा और तनिषा मुखर्जी।

अभिनेत्री तनीषा मुखर्जी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म या टीवी शो नहीं, बल्कि उनके लोनावला स्थित पुश्तैनी घर की बिजली से जुड़ा मामला है। काजोल की बहन तनीषा ने मंगलवार को महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (MSEB) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की। अभिनेत्री का आरोप है कि उनके घर का बिजली कनेक्शन काट दिया गया और उनसे भारी-भरकम बिल का भुगतान करने के लिए कहा गया।

बिजली कटने को लेकर सोशल मीडिया पर जताया गुस्सा

तनीषा मुखर्जी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लोनावला में बिजली विभाग के अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की ओर से कथित तौर पर बहुत ज्यादा रकम के बिल दिए जा रहे हैं और भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। अभिनेत्री ने दावा किया कि उनके घर की बिजली शनिवार शाम को काट दी गई, जबकि उनके मुताबिक बिल की तय अंतिम तारीख अभी नहीं आई थी। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताते हुए अधिकारियों की जवाबदेही पर सवाल उठाया। तनीषा ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य संबंधित लोगों को टैग करते हुए लोनावला में बिजली व्यवस्था को लेकर हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि वहां उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त नियमन होना चाहिए और किसी तरह की मनमानी नहीं होनी चाहिए।

यूजर के सवाल पर तनीषा ने दी सफाई

अभिनेत्री की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने सवाल किया कि अगर बिजली का बिल बकाया है तो उसकी आखिरी तारीख तक भुगतान करने का इंतजार क्यों किया जा रहा है। इसके जवाब में तनीषा ने अपनी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उनका दावा यह नहीं है कि वह भुगतान के लिए अंतिम तारीख का इंतजार कर रही हैं, बल्कि उनका सवाल कथित तौर पर तय समय से पहले बिजली काटे जाने और ऐसे बिल के भुगतान के दबाव को लेकर है, जिसे वह सत्यापित नहीं मानतीं। एक अन्य यूजर ने भी कमेंट करते हुए कहा कि उसे भी ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस पर तनीषा ने लोगों से संबंधित अधिकारियों को टैग करने की अपील की। अभिनेत्री ने कहा कि व्यवस्था में बदलाव के लिए आवाज उठाना जरूरी है और किसी एक संस्था का एकाधिकार या उपभोक्ताओं पर दबाव ठीक नहीं है।

दादी शॉभना समर्थ के घर को बनाया हेरिटेज होमस्टे

तनीषा का लोनावला वाला घर उनके परिवार के लिए सिर्फ एक प्रॉपर्टी नहीं, बल्कि कई पीढ़ियों की यादों से जुड़ा हुआ है। कुछ समय पहले अभिनेत्री ने अपनी नानी और मशहूर अभिनेत्री शॉभना समर्थ के इस पुश्तैनी घर का टूर सोशल मीडिया पर साझा किया था। उन्होंने इस प्रॉपर्टी को नए अंदाज में सजाने के साथ-साथ इसकी पुरानी पहचान को भी बरकरार रखने की कोशिश की है। इस हेरिटेज होमस्टे का नाम फ्रैंगिपानी हाउस रखा गया है। तनीषा ने बताया था कि घर की लगभग हर दीवार और हर कोना उनकी दादी से जुड़ी कोई कहानी अपने अंदर समेटे हुए है। उन्होंने घर को रेनोवेट करते समय इस बात का खास ध्यान रखा कि इसे जरूरत से ज्यादा आधुनिक या विकसित न किया जाए। उनका कहना था कि वह उन पेड़ों को भी नहीं काटना चाहती थीं, जिन्हें उनकी दादी ने लगाया था। इसी घर में उनका और उनकी मां का बचपन भी बीता है।

फिल्मों से लेकर रियलिटी शो तक रहा है सफर

तनीषा मुखर्जी ने साल 2003 में फिल्म 'स्स्श्श्श...' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह 'सरकार', 'नील एंड निक्की' और तमिल फिल्म 'उन्नाले उन्नाले' में नजर आईं। 'उन्नाले उन्नाले' में उनके काम को दर्शकों के साथ-साथ पुरस्कार समारोह में भी पहचान मिली थी। हालांकि तनीषा को सबसे ज्यादा लोकप्रियता साल 2013 में 'बिग बॉस 7' का हिस्सा बनने के बाद मिली। शो में उनकी मौजूदगी और अरमान कोहली के साथ उनके रिश्ते ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। इसके बाद उन्होंने 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 7' में हिस्सा लिया। वह 'झलक दिखला जा 11' में भी नजर आईं और बाद में कॉमेडी शो 'गैंग्स ऑफ हसीपुर' में जज की भूमिका निभाई। तनीषा आखिरी बार 2024 में रिलीज हुई फिल्म 'लव यू शंकर' में दिखाई दी थीं। बता दें, कुछ दिनों पहले तनीषा अपने एक बयान को लेकर काफी चर्चा में रही थीं, उन्होंने शादीशुदा मर्दों से चक्कर चलाने वाली महिलाओं का घेराव किया था।

ये भी पढ़ें: सिनेमाघरों में रिलीज होने के 13 साल बाद OTT पर आएगी राजकुमार राव की 'शाहिद', जीत चुकी है नेशनल अवॉर्ड, फिर भी बिफरे राइटर

Latest Bollywood News