A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. फ्लॉप के बाद अक्षय कुमार ने किया वो काम जिसकी नहीं थी एकता कपूर को उम्मीद, हुईं मुरीद, बोलीं- 31 सालों में ऐसा किसी ने नहीं किया

फ्लॉप के बाद अक्षय कुमार ने किया वो काम जिसकी नहीं थी एकता कपूर को उम्मीद, हुईं मुरीद, बोलीं- 31 सालों में ऐसा किसी ने नहीं किया

सिनेमाघरों में फिल्में कभी चलती हैं तो कभी फ्लॉप होती हैं, ऐसा जब अक्षय कुमार की फिल्म के साथ हुआ तो एक्टर ने वो कदम उठाया जिसकी एकता कपूर को हरगिज उम्मीद नहीं थी। अब एकता ने इस बात का खुलासा किया है।

ekta kapoor akshay kumar- India TV Hindi
Image Source : VIRAL BHAYANI एकता कपूर और अक्षय कुमार।

अक्षय कुमार और दिग्गज निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है। हाल ही में उनकी फिल्म 'भूत बंगला' का ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसने दर्शकों के बीच भारी उत्साह पैदा कर दिया है। यह फिल्म न केवल एक हॉरर-कॉमेडी है, बल्कि यह अक्षय और प्रियदर्शन के सालों पुराने सफल जोड़ी को फिर पर्दे पर लाने जा रहा है। ट्रेलर लॉन्च के ग्रैंड अवसर पर फिल्म की निर्माता एकता कपूर ने अक्षय कुमार के बारे में एक ऐसा खुलासा किया, जिसने अभिनेता के व्यक्तित्व की एक नई और उदार छवि सबके सामने पेश की है। एकता ने बताया कि अक्षय ने वो किया जो किसी एक्टर ने 31 सालों में नहीं किया।

अक्षय कुमार की ईमानदारी, एकता हुईं मुरीद

ट्रेलर लॉन्च के दौरान एकता कपूर भावुक नजर आईं और उन्होंने साझा किया कि वह पिछले कई सालों से अक्षय कुमार के साथ दोबारा काम करने का अवसर तलाश रही थीं। एकता ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने तीन दशकों से अधिक लंबे करियर का जिक्र करते हुए कहा कि अक्षय जैसा कलाकार उन्होंने आज तक नहीं देखा। उन्होंने एक पुरानी घटना को याद करते हुए बताया कि जब उनकी और अक्षय की पहली फिल्म 'वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई दोबारा' बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी, तब अक्षय ने खुद उन्हें फोन किया था।

अक्षय ने इस कदम से जीता एकता का दिल

एकता के अनुसार अक्षय ने न केवल अपनी जिम्मेदारी समझी बल्कि उन्होंने एकता को फिल्म के नुकसान की भरपाई के लिए एक चेक भी लौटा दिया। एकता ने बताया, 'अक्षय सर ने मुझसे कहा कि फिल्म में आपका नुकसान हुआ है, इसलिए यह पैसा वापस रख लीजिए।' एकता इस व्यवहार से काफी हैरान थीं क्योंकि फिल्म जगत में आमतौर पर ऐसा नहीं होता। उन्होंने अक्षय का पैसा लेने से मना कर दिया और इसके बदले उनके साथ एक नई फिल्म करने की इच्छा जताई, जो अब 'भूत बंगला' के रूप में साकार हुई है।

फिल्म 'भूत बंगला' की कहानी और कलाकार

'भूत बंगला' एक दिलचस्प हॉरर-कॉमेडी है, जिसकी कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती है जिसे विरासत में एक पुराना बंगला मिलता है। जल्द ही उसे पता चलता है कि वह घर और उसके पीछे का जंगल खतरनाक आत्माओं का बसेरा है। कहानी में मोड़ तब आता है जब नायक एक ऐसे गांव में शादी करने का फैसला करता है, जहां लोग 'वधुसुर' नामक एक दुष्ट शक्ति के डर से शादी करने से कतराते हैं। जब वह संपत्ति और वैवाहिक जीवन दोनों को संभालने की कोशिश करता है, तो डरावनी और हास्यपूर्ण परिस्थितियों का सिलसिला शुरू हो जाता है। फिल्म में अक्षय के साथ परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू और वामिका गब्बी जैसे बेहतरीन कलाकार नजर आएंगे।

रिलीज की तारीख

अक्षय कुमार और प्रियदर्शन ने इससे पहले 'हेरा फेरी', 'भूल भुलैया' और 'गरम मसाला' जैसी कई कल्ट क्लासिक फिल्में दी हैं। लगभग 14 साल बाद इस जोड़ी की वापसी प्रशंसकों के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है। फिल्म के संवाद रोहन शंकर ने लिखे हैं और कहानी आकाश कौशिक की है। रिलीज की बात करें तो, 'भूत बंगला' पहले 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख बदलकर 17 अप्रैल कर दी गई है। हालांकि फिल्म के प्रति दीवानगी को देखते हुए निर्माताओं ने 16 अप्रैल की रात 9 बजे से इसके पेड प्रिव्यू रखने का फैसला किया है।

ये भी पढ़ें: 'जय श्री कृष्णा' का गोल-मटोल कान्हा याद है? 3 साल के चाइल्ड एक्टर ने जीते लाखों दिल, अब लाइमलाइट से ओझल, 18 साल बाद देखें बब्ली अवतार

Latest Bollywood News