1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जब अमिताभ बच्चन से बोला डायरेक्टर- 'पेड़ पर चढ़ जाओ', सुनते ही तेज हो गई थी बिग बी के दिल की धड़कन

जब अमिताभ बच्चन से बोला डायरेक्टर- 'पेड़ पर चढ़ जाओ', सुनते ही तेज हो गई थी बिग बी के दिल की धड़कन

अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों से जुड़े किस्से शेयर करने का कोई मौका नहीं छोड़ते। कभी वह कंटेस्टेंट्स को मोटिवेट करने के लिए ये किस्से सुनाते हैं तो कभी उनकी चिंता दूर करने के लिए। ऐसे ही उन्होंने हालिया एपिसोड में भी अपनी एक फिल्म से जुड़ा किस्सा शेयर किया।

Amitabh Bachchan- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM 1973 में रिलीज हुई थी अमिताभ बच्चन स्टारर सौदागर।

'कौन बनेगा करोड़पति 16' में अक्सर बिग बी अपनी फिल्मों और पर्सनल लाइफ से जुड़े किस्से सुनाते हैं। अपने माता-पिता से लेकर बच्चों तक के बारे में उन्हें बात करते देखा गया है। केबीसी का लेटेस्ट एपिसोड अमिताभ बच्चन के फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड के साथ शुरू हुआ, जिसके बाद ठाणे के तेजस शरदकुमार देशमुख हॉट सीट पर पहुंचे। तेजस एक टैक कंपनी में काम करते हैं। तेजस अपनी सारी लाइफलाइन और ज्ञान की मदद के बूते 1,60,000 रुपये जीतने में सफल रहे और इसके बाद उन्होंने शो क्विट करने का फैसला लिया। तेजस ने जैसे ही शो छोड़ा, फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट का एक और राउंड शुरू हुआ।

बिग बी को याद आया सौदागर से जुड़ा किस्सा

इस बार धनराज धीरूभाई मोदी को हॉट सीट पर बैठने का मौका मिला। धनराज ने इस दौरान बताया कि वह 'कौन बनेगा करोड़पति' को अपना परिवार मानते हैं। उन्होंने शो में बिग बी से बात करते हुए यह भी बताया कि उन्हें केबीसी से इतना लगाव है कि उन्होंने टीम को अपनी शादी का न्योता भी भेजा था। कंटेस्टेंट की बात सुनकर, अमिताभ बच्चन ने खुलासा किया कि उन्हें शादी के बारे में पता नहीं चला वरना वह उन्हें जरूर बधाई देते। धनराज गुजरात के सोमनाथ के रहने वाले हैं और जीपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। इसके साथ ही वह पिता के नारियल की खेती की देख-रेख में भी मदद करते हैं।

जब डायरेक्टर ने अमिताभ से कहा-पेड़ पर चढ़ना पड़ेगा

जैसे ही धनराज ने नारियल की खेती का जिक्र किया, बिग बी को साल 1973 में आई फिल्म 'सौदागर' याद आ गई। इस फिल्म में उन्होंने नूतन के साथ काम किया था। सुधेन्दु रॉय के निर्देशन में बनी इस फिल्म में बिग बी ने 'मोती' नाम के शख्स का किरदार निभाया था। बिग बी ने अपनी इस फिल्म फिल्म को याद करते हुए कहा, 'शुरुआत में हमने एक फिल्म की थी, 'सौदागर' नाम की। इस फिल्म में हम नारियल पानी निकला करते थे। डायरेक्टर साहब ने हमसे कहा- कि आपको पेड़ पर चढ़ना पड़ेगा। ये सुनते ही हमने कहा भैया हम कैसे चढ़ेंगे बड़ी मुश्किल है। ये सुनकर डायरेक्टर साहब बोले- कोई बात नहीं सिखा देंगे आपको।'

लेदर बांधकर पेड़ पर चढ़ते थे

बिग बी अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहते हैं- 'वो ऐसे लेदर बांधते हैं पीठ पर और  वो आगे पुश करते जाते हैं और आगे चढ़ते जाते हैं...  बहुत कुछ था। लेकिन, जो सबसे खतरनाक बात है वो ये कि उस पेड़ में जो काटा निकले हुए होते हैं, अगर आप जल्दी-जल्दी नीचे आने की कोशिश करते हैं तो वो लग जाते हैं।'

बिग बी का कंटेस्टेंट से सवाल

बिग बी ने इस किस्से के बारे में बात करते हुए धनराज से पूछा कि क्या उन्होंने भी कभी नारियल के पेड़ पर चढ़ने की कोशिश की है? इस पर धनराज मजाकिया अंदाज में जवाब देते हैं- 'नहीं सर, मैं सिर्फ नारियल पानी पीने जाता हूं।' ये सुनते ही अमिताभ बच्चन सहित सभी की हंसी छूट जाती है।

Latest Bollywood News