जब नानी गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश की वर्तमान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल जैसी कद्दावर राजनेता हों, मां अनर पटेल जानी-मानी सोशल एंटरप्रेन्योर हों और पिता जयेश पटेल समाजसेवा में सक्रिय हों तो अमूमन लोग उम्मीद करते हैं कि अगली पीढ़ी भी इसी राह पर चलेगी, लेकिन आनंदीबेन पटेल की नातिन संस्कृति जयन ने अपनी खूबसूरती और हुनर के दम पर ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा और पहली ही फिल्म से हर तरफ छा गईं। संस्कृति ने फिल्ममेकर हार्दिक गज्जर की डिवोशनल फिल्म 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट' में 'सत्यभामा' के किरदार से एक ऐसा शानदार डेब्यू किया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़ते हुए इस फिल्म ने दुनिया भर में ₹55 करोड़ से ज्यादा का शानदार कलेक्शन कर लिया है।
भावुक हो गईं नानी आनंदीबेन, अब नातिन में दिखती है 'सत्यभामा'
फिल्म की रिलीज को एक महीने से ज्यादा का वक्त हो चुका है, लेकिन संस्कृति को लगातार तारीफें मिल रही हैं। हालांकि, उनके लिए सबसे खास और दिल छू लेने वाला रिएक्शन उनकी नानी आनंदीबेन पटेल का था। संस्कृति ने बताया कि फिल्म का क्लाइमेक्स देखने के बाद उनकी नानी कुछ पल के लिए बिल्कुल शांत हो गईं। संस्कृति कहती हैं, 'वह हैरान रह गईं क्योंकि उन्हें मुझसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। मैं पिछले दो सालों से इस किरदार को जी रही थी, इसलिए नानी अच्छी तरह जानती थीं कि मैंने इसके पीछे कितनी मेहनत की है। मेरा यह सफर देखकर वह बेहद भावुक हो गईं। वैसे तो वह बहुत कम बात करती हैं, लेकिन अब वह मुझसे कहती हैं, 'जब मैं तुम्हें देखती हूं तो मुझे बस सत्यभामा और कृष्ण का गहरा प्यार दिखाई देता है।''
लंदन के अकेलेपन ने जगाया एक्टिंग का शौक
एक पारंपरिक गुजराती बिजनेस परिवार से आने वाली संस्कृति ने महज 16 साल की उम्र में अपना खुद का फैशन बिजनेस शुरू कर दिया था। लेकिन बचपन में माता-पिता के साथ झुग्गी-बस्तियों में सामाजिक काम करते हुए उन्होंने जो कहानियां सुनी थीं, उन्होंने संस्कृति के दिल में एक गहरा असर छोड़ा था। बिजनेस की पढ़ाई के लिए जब वह लंदन गईं, तो वहां के अकेलेपन ने उन्हें खुद से यह सवाल पूछने पर मजबूर किया कि वह जिंदगी में असल में क्या करना चाहती हैं? संस्कृति को हमेशा से कहानियां सुनाना (स्टोरीटेलिंग) पसंद था। फिल्ममेकिंग कोर्स के दौरान जब वह टेस्ट शॉट्स के लिए कैमरे के सामने आईं, तो उन्हें अहसास हुआ कि एक्टिंग ही उनका असली जुनून है।
खुद से मिलती-जुलती लगी 'सत्यभामा'
यह फिल्म भगवान कृष्ण की कहानी को उनकी तीसरी पत्नी सत्यभामा के नजरिए से दिखाती है। संस्कृति इस किरदार से खुद को काफी जुड़ा हुआ महसूस करती हैं। उनका कहना है, 'सत्यभामा बेहद कॉन्फिडेंट हैं, जो दिल में होता है वही जुबान पर लाती हैं। मैं भी बिल्कुल वैसी ही हूं, जो हर भावना को पूरी शिद्दत से महसूस करती हूं।' फिल्म की बड़ी सफलता के बाद अब फैंस इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो 2027 में रिलीज होने की उम्मीद है। संस्कृति भी अगले पार्ट को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उम्मीद करती हैं कि अगले भाग में भी दर्शकों को एक नया और अनोखा नजरिया देखने को मिलेगा।
ये भी पढ़ें: Dhurandhar 2 Uncut: OTT पर मचेगा तहलका, जल्द स्ट्रीम होगा 'धुरंधर 2' का अनम्यूटेड वर्शन, तय हुई रिलीज डेट
Latest Bollywood News