1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मैथली ठाकुर की आवाज के फैन हैं अनंत और ईशा अंबानी, गणपति पूजा में बांधे सिंगर की तारीफों के पुल

मैथली ठाकुर की आवाज के फैन हैं अनंत और ईशा अंबानी, गणपति पूजा में बांधे सिंगर की तारीफों के पुल

गणपति उत्सव में मैथिली ठाकुर ने अंबानी परिवार से मुलाकात की। अनंत अंबानी ने उनकी आवाज में भक्ति और आनंद की तारीफ की, वहीं ईशा अंबानी ने बताया कि उनके बच्चे भी मैथिली के गाने खूब सुनते हैं।

ambani- India TV Hindi
Image Source : MAITHILITHAKUR/INSTAGRAM ईशा और अनंत अंबानी से मिलतीं मैथली ठाकुर।

मुंबई में अंबानी परिवार का गणेश उत्सव हर साल की तरह इस बार भी खास रहा। एंटीलिया में गणपति बप्पा के स्वागत के लिए परिवार के सदस्यों के साथ फिल्म इंडस्ट्री और कई जानी-मानी हस्तियां पहुंचीं। इसी बीच इस भव्य समारोह में युवा गायिका और बिहार की विधायक मैथिली ठाकुर की मौजूदगी ने भी ध्यान खींचा। हालांकि, इस बार चर्चा सिर्फ उनके अंबानी परिवार से मिलने की नहीं, बल्कि उस खास बातचीत की हो रही है, जिसमें अनंत अंबानी और ईशा अंबानी ने मैथिली की गायकी की खुलकर तारीफ की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में अंबानी परिवार के सदस्यों के साथ मैथिली की बातचीत का यह अंदाज लोगों को पसंद आ रहा है।

एंटीलिया पहुंचीं मैथिली ठाकुर

मैथिली ठाकुर गणेश चतुर्थी के मौके पर मुंबई पहुंचीं और अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में शामिल हुईं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर मुंबई यात्रा और समारोह से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी साझा किए। एंटीलिया में आयोजित इस जश्न में गणपति बप्पा का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया और बड़ी संख्या में परिवार के करीबी लोग, फिल्मी सितारे और अन्य मेहमान शामिल हुए। मैथिली की मुलाकात नीता अंबानी से भी हुई, जिन्होंने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

अनंत अंबानी बोले- मैथिली बहुत अच्छी हैं

समारोह के दौरान मैथिली ठाकुर की मुलाकात अनंत अंबानी से हुई। सामने आए वीडियो में दोनों के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी नजर आते हैं। बातचीत के दौरान अनंत मैथिली की तारीफ करते हुए कहते हैं कि मैथिली बहुत अच्छी हैं। इसके बाद मैथिली भी बताती हैं कि अनंत उन्हें अक्सर अपने कार्यक्रमों में बुलाते रहते हैं। इस दौरान अनंत उनकी गायकी की तारीफ करते हुए कहते हैं कि उनकी आवाज में आनंद और भक्ति है और उन पर भगवान की कृपा है। मैथिली की गायकी में भारतीय शास्त्रीय और लोक संगीत का प्रभाव देखने को मिलता है। यही वजह है कि धार्मिक और भक्ति संगीत से जुड़े उनके गीतों को भी बड़ी संख्या में लोग पसंद करते हैं। एंटीलिया में हुई यह छोटी-सी बातचीत इसी संगीत से जुड़ी प्रशंसा को सामने लाती है।

ईशा अंबानी ने कहा- हमें आपका संगीत बहुत पसंद है

मैथिली ठाकुर की मुलाकात ईशा अंबानी से भी हुई। वीडियो में ईशा उनसे कहती नजर आती हैं कि उन्हें और उनके परिवार को मैथिली का संगीत बहुत पसंद है। ईशा ने मैथिली को यह भी बताया कि उनके बच्चे उनके गाने अक्सर सुनते हैं। बातचीत के दौरान ईशा अपनी बेटी को भी मैथिली से मिलाती हैं और सिंगर के संगीत के प्रति परिवार की पसंद के बारे में बताती हैं। ईशा की बात सुनकर मैथिली काफी खुश नजर आती हैं और उन्हें धन्यवाद कहती हैं। यह बातचीत इसलिए भी खास रही क्योंकि इसमें किसी औपचारिक मुलाकात के बजाय एक कलाकार के संगीत को लेकर व्यक्तिगत पसंद की झलक दिखाई दी। हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईशा ने मैथिली से कहा कि उनके बच्चे उनका संगीत 'ऑल द टाइम' सुनते हैं।

नीता अंबानी ने भी किया मैथिली का स्वागत

गणपति समारोह के दौरान मैथिली ठाकुर की मुलाकात नीता अंबानी से भी हुई। नीता अंबानी ने उनका स्वागत किया और दोनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं। एंटीलिया में आयोजित इस समारोह में नीता अंबानी के अलावा मुकेश अंबानी, अनंत अंबानी, राधिका मर्चेंट और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। इस दौरान एंटीलिया में पारंपरिक सजावट और गणपति पूजा के बीच मेहमानों का आना-जाना लगा रहा।

अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में सितारों का जमावड़ा

अंबानी परिवार का गणेश चतुर्थी समारोह इस बार भी स्टार-स्टडेड रहा। एंटीलिया में बॉलीवुड से लेकर क्रिकेट जगत तक की कई हस्तियां पहुंचीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैटरीना कैफ, विक्की कौशल, सिद्धार्थ मल्होत्रा, कियारा आडवाणी, जान्हवी कपूर, माधुरी दीक्षित और सचिन तेंदुलकर समेत कई मेहमान समारोह का हिस्सा बने। अंबानी परिवार हर साल गणेश चतुर्थी के मौके पर अपने घर में भव्य तरीके से बप्पा का स्वागत करता है। इस साल भी एंटीलिया में गणपति की स्थापना से लेकर पूजा और मेहमानों के स्वागत तक खास तैयारियां देखने को मिलीं। इसी समारोह में मैथिली ठाकुर और अंबानी परिवार के बीच हुई बातचीत ने सोशल मीडिया पर एक अलग ही चर्चा शुरू कर दी है। खास तौर पर अनंत और ईशा अंबानी का उनकी आवाज और संगीत की तारीफ करना इस मुलाकात की सबसे दिलचस्प बात बन गया।

ये भी पढ़ें: पिता CM बने तो बेटे की फिल्म से बनाई दूरी, जेसन संजय ने बताया क्यों विजय नहीं करेंगे ‘सिगमा’ का प्रमोशन

Latest Bollywood News