1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. पल्लू वाली इस हीरोइन ने पहली ही फिल्म से मचा दी थी धूम, 4 करोड़ के बजट में बनी मूवी ने कमाए थे 73 करोड़

पल्लू वाली इस हीरोइन ने पहली ही फिल्म से मचा दी थी धूम, 4 करोड़ के बजट में बनी मूवी ने कमाए थे 73 करोड़

फोटो में नजर आ रही इस हसीना ने 19 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था और पहली ही फिल्म से धूम मचाकर रख दी थी। पहली फिल्म ने 73 करोड़ कमाए तो आखिरी रिलीज ने 135 करोड़ कमाए, जो 40 करोड़ के बजट में बनी थी।

anupamaa parmeswaran- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM इस एक्ट्रेस ने 19 की उम्र में किया था डेब्यू

इस एक्ट्रेस ने 19 साल की उम्र में फिल्मी दुनिया में कदम रखा था और सिर्फ चार करोड़ के बजट वाली फिल्म से अपना डेब्यू किया। लेकिन, नई-नवेली एक्ट्रेस की पहली ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गदर मचा दिया और करीब 73 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके सबको चौंका दिया। इस एक्ट्रेस की ये फिल्म उनके करियर की यादगार और सफल फिल्मों की फेहरिस्त में शामिल है। साल 2024 में इनकी 40 करोड़ के बजट में बनी फिल्म रिलीज हुई, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 135 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। हिट की गारंटी बन चुकी इस एक्ट्रेस का नाम क्या आप बता सकते हैं?

कौन है फोटो में नजर आ रही एक्ट्रेस?

ये एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि अनुपमा परमेश्वरन हैं। आज यानी 18 फरवरी को अनुपमा परमेश्वरन का बर्थडे है । अनुपमा परमेश्वरन आज अपना 28वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म 'टिल्लू स्क्वायर' है, जो 2024 में रिलीज हुई थी और इसने बॉक्स ऑफिस पर खूब कमाई की थी। फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक रही।

19 साल की उम्र में किया डेब्यू

अनुपमा परमेश्वरन की पर्सनल लाइफ की बात करें तो अभिनेत्री केरल से हैं और तमिल, तेलुगू और मलयालम फिल्मों में काम कर चुकी हैं। अनुपमा जब मात्र 19 साल की थीं, उन्होंने 2015 में रिलीज हुई 'प्रेमम' से एक्टिंग करियर की शुरुआत की और पहली ही फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी। इस फिल्म में उन्होंने सपोर्टिंग रोल किया था, लेकिन फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता मिली और साथ ही साथ अनुपमा की परफॉर्मेंस को भी नोटिस किया गया।

इन कलाकारों ने निभाया था लीड रोल

'प्रेमम' में साई पल्लवी और निवीन पॉली जैसे कलाकार लीड रोल में नजर आए थे। इसके बाद अनुपमा परमेश्वरन 'ए आ' (2016) में नजर आईं। फिर 'सतामानम भवती' (2017), 'हैलो गुरु प्रेम कोसामे' (2018), 'मनियाराइले अशोकन' (2020), कुरुप (2021) और कार्तिकेय 2 (2022) जैसी फिल्मों में अपने जबरदस्त अभिनय से तारीफें लूटीं।

कॉलेज के दिनों में साइन की थी पहली फिल्म

अनुपमा परमेश्वरन ने अपने कॉलेज के दिनों में 'प्रेमम' साइन की थी। फिल्म हिट साबित हुई और उन्हें बैक टू बैक फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। इसके बाद अभिनेत्री को कॉलेज छोड़ना पड़ा और उन्होंने फिल्मी दुनिया का रुख कर लिया। उन्होंने 'मनियाराइले अशोकन' में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर भी काम किया, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। 2025 में अनुपमा परमेश्वरन एक-दो नहीं, बल्कि 6 फिल्मों में नजर आएंगी।

Latest Bollywood News