1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. समय रैना के 'पति-बेटे नल्ले' वाले कमेंट पर अर्चना पूरन सिंह ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- हमारी तरफ से आप क्यों नाराज

समय रैना के 'पति-बेटे नल्ले' वाले कमेंट पर अर्चना पूरन सिंह ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- हमारी तरफ से आप क्यों नाराज

समय रैना के मजाक पर उठे विवाद के बीच अर्चना पूरन सिंह और बेटे आर्यमान सेठी ने स्पष्ट किया कि वे नाराज नहीं हैं। दोनों ने इसे कॉमेडी बताते हुए लोगों से बेवजह आहत न होने की अपील की।

parmeet ary archana- India TV Hindi
Image Source : AARY VLOGS परमीट सेठी, आर्यमन और अर्चना पूरन सिंह।

कॉमेडियन समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह और उनके परिवार को लेकर किए गए मजाक पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। शो में समय ने अर्चना के पति परमीत सेठी और उनके दोनों बेटों को लेकर टिप्पणी की थी। कुछ दर्शकों को उनका अंदाज पसंद नहीं आया और कॉमेडियन सुनील पाल ने इसे मजाक की सीमा पार करने वाला बताया। हालांकि अब अर्चना पूरन सिंह और उनके बेटे आर्यमान सेठी ने खुद इस मामले पर अपनी बात रखी है। दोनों ने साफ किया कि उन्हें समय की बातों से व्यक्तिगत तौर पर कोई आपत्ति नहीं हुई।

बेटे आर्यमान ने बताया क्यों नहीं मानते इसे बड़ा विवाद

आर्यमान ने अपने यूट्यूब चैनल आरी व्लॉग पर साझा किए गए एक नए वीडियो में इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आमतौर पर वह इस तरह की चर्चाओं पर अपनी राय नहीं देते, लेकिन इस बार उन्हें लगा कि लोगों को स्थिति को लेकर अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए। आर्यमान के मुताबिक समय की कही बात को मजाक के तौर पर ही देखा जाना चाहिए। उन्होंने अपने व्लॉगिंग कंटेंट का उदाहरण देते हुए कहा कि परिवार अक्सर घर पर ही नजर आता है, इसलिए समय की बात का एक संदर्भ था। उन्होंने यह भी माना कि उनकी मां अर्चना हंसने के लिए भी जानी जाती हैं और यही उनकी पेशेवर पहचान का हिस्सा है। आर्यमान ने यह भी स्पष्ट किया कि समय का उद्देश्य उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने कहा कि दर्शकों को यह समझना चाहिए कि कॉमेडी शो में कही गई हर बात को व्यक्तिगत टिप्पणी के तौर पर नहीं लिया जा सकता।

समय रैना से अच्छे संबंध होने की दी जानकारी

आर्यमान ने यह भी बताया कि उनका और समय रैना का रिश्ता ठीक है। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि अर्चना और समय भी नियमित तौर पर बातचीत करते हैं। उनके अनुसार जब मजाक का विषय बनने वाले लोगों को ही टिप्पणी से परेशानी नहीं है तो बाकी लोगों को उनकी तरफ से नाराज होने की जरूरत नहीं है। आर्यमान ने कहा कि आजकल कॉमेडी देखने वाले दर्शकों का एक वर्ग छोटी-छोटी बातों को लेकर भी काफी संवेदनशील हो गया है। उनके मुताबिक इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को हंसाना होता है और हर पंचलाइन को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है।

अर्चना पूरन सिंह ने कपिल शर्मा का दिया उदाहरण

अर्चना पूरन सिंह ने भी अपने बेटे के वीडियो में इस विवाद को लेकर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि कॉमेडी में किसी व्यक्ति पर मजाक किया जाना और उसका अपमान करना, दोनों अलग-अलग चीजें हैं। उन्होंने कपिल शर्मा के साथ अपनी बॉन्डिंग का उदाहरण देते हुए बताया कि कपिल भी अक्सर उन पर मजाक करते हैं, लेकिन उनके बीच आपसी सम्मान और स्नेह मौजूद है। अर्चना ने बताया कि मंच पर मजाक होने के बाद भी उनके और कपिल के बीच रिश्ते में कोई नकारात्मकता नहीं आती। उनके मुताबिक समय रैना के मामले में भी स्थिति कुछ ऐसी ही है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में कही गई किसी बात का व्यक्तिगत रूप से बुरा नहीं लगा।

‘हमारी तरफ से किसी को बुरा महसूस करने की जरूरत नहीं’

अर्चना ने उन लोगों से भी अपील की जो उनके परिवार की ओर से नाराज हो रहे थे। अभिनेत्री ने कहा कि वह शो के फॉर्मेट से पहले से परिचित थीं और उन्हें पता था कि वहां किस तरह की कॉमेडी देखने को मिलती है। इसलिए वह पूरी समझ के साथ कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा कि अगर किसी मजाक के पीछे किसी को नीचा दिखाने या चोट पहुंचाने की मंशा होती, तब उसे अपमान कहा जा सकता था। लेकिन उनके मुताबिक समय का उद्देश्य उस समय दर्शकों के बीच हंसी का माहौल बनाना था। अर्चना ने यह भी कहा कि उन्हें शो में जाने या वहां कही गई बातों को लेकर कोई पछतावा नहीं है।

क्या कहा था समय रैना ने?

'इंडियाज गॉट लेटेंट' के उस एपिसोड में अर्चना के बेटे दर्शकों के बीच सामने बैठे थे। इसी दौरान समय ने अर्चना के परिवार को लेकर टिप्पणी की और उनके पति तथा बेटों के कामकाज पर मजाक किया। इसी हिस्से का वीडियो और उसके अंश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने। दिलचस्प बात यह है कि समय रैना पहले आर्यमान के व्लॉग्स का हिस्सा रह चुके हैं। वह उनके चैनल पर नजर भी आ चुके हैं और आर्यमान के साथ अपने रिश्ते को लेकर सहज रहे हैं। ऐसे में अर्चना और उनके बेटे की प्रतिक्रिया से यह स्पष्ट है कि परिवार इस पूरे मामले को विवाद के बजाय कॉमेडी के संदर्भ में देख रहा है।

ये भी पढ़ें: 'ये जयचंद मेरी हत्या कराएगा', 'भोजपुरी बवाल' में तेज प्रताप यादव का सनसनीखेज दावा, पल-पल सता रहा डर

Latest Bollywood News